आदिवासी समाज का आक्रोश: शहीद छितुसिंह किराड़ की जयंती पर पूजा करने से रोकने और 12 युवाओं पर FIR के खिलाफ सौंपा ज्ञापन

0

जितेंद्र वाणी, नानपुर

​महान क्रांतिकारी शहीद छितुसिंह किराड़ की जयंती के अवसर पर हुए विवाद के बाद आलीराजपुर जिले में आदिवासी समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। सामाजिक कार्यकर्ता ने मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष के नाम नानपुर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर कार्रवाई और दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग की है।

​क्या है पूरा मामला?

​आदिवासी समाज के अनुसार, 21 फरवरी को शहीद छितुसिंह किराड़ की जयंती की पूर्व संध्या पर सामाजिक कार्यकर्ता स्थानीय आम्बावाड़ी स्थित किराड़ धाम पहुंचे थे। वहां वे आदिवासी परंपरा के अनुसार पूजा-पाठ और ‘गायणा’ करना चाहते थे। आरोप है कि जिला प्रशासन ने अनुमति का हवाला देते हुए उन्हें पूजा करने से रोक दिया और देर रात समाज के 12 युवाओं के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली।

​आस्था को ठेस पहुँचाने का आरोप

​सामाजिक कार्यकर्ता ने इसे आदिवासी संस्कृति और आस्था पर प्रहार बताया है। ज्ञापन में मांग की गई है कि आदिवासियों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाले जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल निलंबित किया जाए। साथ ही, युवाओं पर दर्ज ‘झूठी’ एफआईआर को अविलंब निरस्त किया जाए।

​उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

​समाज के पदाधिकारियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो पूरे जिले में उग्र आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन में उपस्थित मालसिंह तोमर अंगार सिंह चौहान डॉ सुनील सोलंकी डॉ सावन चौहान नवलसिंह बघेल भीलसिंह बघेल लक्ष्मण चौहान बबलू जमरा राकेश डीमके मुलेसिंह चौहान बापू कनेश महेश चौहान राकेश भिंडे माधू भिंडे रितेश भिंडे हिरला भिंडे दिनेश निगवाल शैलेंद्र डुडवे संजय चौहान मुलेसिंह सोलंकी गुडु डुडवे अन्य उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.