अर्पित चोपड़ा खवासा 8 लेन एक्सप्रेसवे पर पथराव की घटनाओं की रोकथाम एवं एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से 8 लेन हाईवे से लगे ग्रामों के तड़वी, सरपंच, कोटवार, ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों एवं ग्राम के प्रबुद्धजनों की बैठक 8 लेन रेस्ट एंड सर्विस एरिया पर आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक झाबुआ प्रतिपाल सिंह महोबिया द्वारा ग्रामवासियों से संवाद करते हुए 8 लेन एक्सप्रेसवे पर होने वाली पथराव की घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम के संबंध में चर्चा की गई। उन्होंने ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों से सक्रिय रहकर पुलिस का सहयोग करने तथा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने की अपील की। बैठक में इस बात पर विशेष चर्चा की गई कि पथराव की घटनाओं में कौन-कौन लोग संलिप्त हो सकते हैं तथा क्षेत्र में ऐसे कौन से असामाजिक तत्व हैं, जो इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों से ऐसे व्यक्तियों के संबंध में कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी गोपनीय रूप से पुलिस को उपलब्ध कराने की अपील की गई। बैठक में उपस्थित सभी सरपंचों को कहा गया कि वे अपने-अपने ग्रामों में भी ग्रामीणों, ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों एवं अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों की बैठक लेकर 8 लेन एक्सप्रेसवे पर होने वाली पथराव की घटनाओं की रोकथाम के संबंध में चर्चा एवं जागरूकता सुनिश्चित करें तथा ऐसी घटनाओं से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोबिया ने कहा कि पथराव जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस एवं ग्रामवासियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। ग्रामीणों द्वारा दी गई सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। बैठक में नायब तहसीलदार राजेश जमरा, एसडीओपी थांदला राजेश सुलिया, थाना प्रभारी थांदला निरीक्षक तारा मंडलोई, चौकी प्रभारी खवासा अनिल सिंह घुरैया सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं 8 लेन की जद में आने वाले संबंधित ग्राम तलावड़ा, कुकड़ीपाड़ा आदि गांवों के सरपंच तड़वी, कोटवार आदि उपस्थित रहे। Post navigation नवरात्रि को लेकर समिति का गठन; ललित चौहान बने अध्यक्ष सड़क निर्माण की घटिया गुणवत्ता पर सवाल; पंचायत ने लिया संज्ञान, पत्र लिख जांच की मांग