जितेंद्र वर्मा, जोबट

जोबट क्षेत्र के वन परिक्षेत्र जोबट अंतर्गत बीट चमार वेगड़ा के पास राजस्व ग्राम कांदा में पिछले करीब 20 दिनों से वन्य प्राणी तेंदुए की लगातार गतिविधियों से ग्रामीणों में डर और दहशत का माहौल बना हुआ था। वन विभाग की लगातार मेहनत और सतर्क निगरानी के बाद आखिरकार तेंदुए का सफल रेस्क्यू कर लिया गया, जिसे आज सुरक्षित रूप से घने जंगल और पानी वाले क्षेत्र में छोड़ दिया गया।

जानकारी के अनुसार तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग द्वारा क्षेत्र में दो पिंजरे लगाए गए थे। मुख्य वन संरक्षक वन वृत्त इंदौर के दिशा-निर्देश, वन मंडल अधिकारी अलीराजपुर के मार्गदर्शन तथा उप वन मंडल अधिकारी भाबरा के नेतृत्व में यह पूरा अभियान लगातार चलाया जा रहा था।

रेस्क्यू अभियान में वन परिक्षेत्र अधिकारी अमन सिंह बघेल के नेतृत्व में वन विभाग की टीम दिन-रात जुटी रही। अभियान में मोहनसिंह चौहान, भूरसिंह चौहान, समरथ सिंह चौहान, राहुल डामोर, सुमेर सिंह, कनेश धर्मेंद सिंह चौहान सहित रेस्क्यू प्रभारी इंदौर Sher Singh Katara एवं अन्य कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।

लगातार अथक प्रयासों और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से तेंदुआ आखिरकार पिंजरे में कैद हुआ। इसके बाद आज वन विभाग की टीम ने वन्य प्राणी को सुरक्षित और स्वस्थ हालत में घने जंगल एवं पानी वाले स्थान पर छोड़ दिया।

तेंदुए के सफल रेस्क्यू के बाद स्थानीय ग्रामीणों और आसपास के राजस्व ग्रामों के लोगों ने राहत की सांस ली। पिछले कई दिनों से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था, जिससे लोग खेतों और जंगल की ओर जाने में भी डर महसूस कर रहे थे।

वन विभाग के इस सराहनीय अभियान की क्षेत्रभर में प्रशंसा की जा रही है। अधिकारियों और कर्मचारियों की सतर्कता, धैर्य और टीमवर्क से आखिरकार दहशत का माहौल खत्म करने में सफलता मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *