जितेंद्र राठौड़, झकनावद जिले के छोटे से गांव झकनावादा की प्रतिभाशाली बेटी अनंता महेंद्र सिंह झकनावादा ने अपनी शानदार खेल प्रतिभा के दम पर शूटिंग के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मात्र 11 वर्ष की उम्र और करीब एक वर्ष के प्रशिक्षण में अनंता ने नेशनल स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर क्षेत्र और जिले का नाम गौरवान्वित किया है। *नेशनल के लिए स्थान सुनिश्चित -* हाल ही में 7 से 13 सितंबर तक अहमदाबाद स्थित मिलेट्री राइफल शूटिंग क्लब में 13वीं वेस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश सहित गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र तथा केंद्रशासित प्रदेश दमन एवं दीव और दादरा एवं नगर हवेली के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अनंता ने मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया। इस उपलब्धि के साथ ही अनंता ने दिसंबर में आयोजित होने वाली 69वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता में अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है। अब वह राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए देशभर के प्रतिभाशाली निशानेबाजों के साथ मुकाबला करेगी। वर्तमान में अंनता रतलाम स्थित एमर्स शूटिंग एकेडमी पर कोच भूपेंद्र सिंह सिसोदिया से अपना प्रशिक्षण ले रही है। *एक साल के प्रशिक्षण में हासिल की बड़ी कामयाबी -* अनंता वर्तमान में रतलाम स्थित एमर्स शूटिंग एकेडमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उन्हें शूटिंग की बारीकियां और तकनीकी प्रशिक्षण कोच भूपेंद्र सिंह सिसोदिया द्वारा दिया जा रहा है। कम उम्र में खेल के प्रति समर्पण, नियमित अभ्यास और प्रशिक्षक के मार्गदर्शन का परिणाम है कि अनंता ने महज एक वर्ष के प्रयास में राज्य स्तर से आगे बढ़कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह बनाई है। *पिता भी सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय-* अनंता करणी सेना परिवार के संभाग अध्यक्ष महेंद्र सिंह झकनावादा की पुत्री हैं। परिवार के साथ-साथ उनके पैतृक गांव झकनावादा के लोगों में भी अनंता की इस उपलब्धि को लेकर खासा उत्साह और खुशी का माहौल है। अनंता की सफलता की खबर मिलते ही गांव और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी कम उम्र में अनंता ने जिस तरह राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई है, वह क्षेत्र की अन्य बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है। *अब नेशनल पर निगाहें -* वेस्ट जोन चैंपियनशिप में क्वालीफाई करने के बाद अब अनंता की निगाहें दिसंबर में होने वाली 69वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप पर हैं। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में वह मध्यप्रदेश की ओर से मैदान में उतरेंगी। परिवार, कोच और क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि अनंता राष्ट्रीय मंच पर भी शानदार प्रदर्शन कर झकनावादा, झाबुआ और पूरे मध्यप्रदेश का नाम रोशन करेंगी। Post navigation गणपति उत्सव में सेवा की मिसाल : पेटलावद के श्री सिद्धिविनायक मित्र मंडल ने लिया अनोखा संकल्प भादवी बीज पर आस्था का उमड़ा सैलाब, क्षत्रिय सिर्वी समाज ने धूमधाम से मनाया आई माता का प्रकट उत्सव