शान ठाकुर, पेटलावद

सोमवार को संदीपनी विद्यालय पेटलावद के 30 एनसीसी कैडेट्स 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए सेलाना रवाना हुए। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।

एनसीसी अधिकारी सोहन सिंह बरिया के नेतृत्व में सभी कैडेट्स प्रशिक्षण शिविर के लिए रवाना हुए। इस दौरान विद्यालय के प्रिंसिपल पी.एल. चौहान ने विद्यार्थियों को वाहन में बैठाकर शुभकामनाओं के साथ रवाना किया तथा प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।

प्रिंसिपल चौहान ने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और अनुशासन विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी कैडेट्स का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त अनुभव उनके भविष्य के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगे।

एनसीसी अधिकारी सोहन सिंह बरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण शिविर के दौरान कैडेट्स को विभिन्न सैन्य गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें राइफल एवं मशीनगन चलाने, उन्हें खोलने और जोड़ने की तकनीक सिखाई जाएगी। साथ ही परेड, शारीरिक प्रशिक्षण, अनुशासन एवं टीमवर्क से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित होंगी।

इसके अलावा शिविर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें कैडेट्स अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों में देशभक्ति, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों ने सभी कैडेट्स को सफल प्रशिक्षण के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *