शान ठाकुर, पेटलावद नगर की दामोदर कॉलोनी क्षेत्र में बीती देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब अलीराजपुर जिले से आए तीन युवक संदिग्ध परिस्थितियों में कॉलोनी में घूमते नजर आए। स्थानीय लोगों ने जब युवकों को रोकने और पूछताछ करने का प्रयास किया तो वे तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाकर वहां से भाग निकले। इसी दौरान उनका पीछा कर रही पुलिस और लोगों से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे तीनों युवक घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक अलीराजपुर जिले के ग्राम सेमलखेड़ी निवासी बताए जा रहे हैं। मामले में दर्ज एफआईआर के अनुसार, युवक शुभम चौहान अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक MP09 VV 7729 से पेटलावद आया था। बताया जा रहा है कि वह अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने दामोदर कॉलोनी पहुंचा था। देर रात कॉलोनी में बाहरी युवकों की गतिविधि देखकर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने युवकों को रोकने का प्रयास किया। एफआईआर में उल्लेख है कि बाइक पर तीन युवक सवार थे और मौके से भागते समय वाहन तेज गति में होने से नियंत्रण बिगड़ गया। हादसा ग्राम खोरिया में मोड़ के पास हुआ, जहां बाइक सड़क पर फिसल गई। दुर्घटना में शुभम चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य युवकों को भी चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय पुलिस भी युवकों का पीछा कर रही थी। दुर्घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया। एफआईआर में घायल युवक ने बताया कि वह अपने दोस्त शिवा के साथ पेटलावद आया था और दुर्घटना के दौरान उसके दाहिने हाथ और पैर में चोटें आईं। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी के रूप में कार्यवाहक उपनिरीक्षक महेश भामदरे को नियुक्त किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात बाहरी युवकों की संदिग्ध आवाजाही से क्षेत्र में डर और असुरक्षा का माहौल बनता है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है कि युवक आखिर किन परिस्थितियों में कॉलोनी पहुंचे थे और उनके साथ अन्य कौन-कौन लोग मौजूद थे। Post navigation वनभूमि से अतिक्रमण बेदखली की बड़ी कार्यवाही सैलाना में 10 दिवसीय प्रशिक्षण हेतु रवाना हुए संदीपनी विद्यालय पेटलावद के 30 एनसीसी कैडेट्स