अलीराजपुर, हमारे प्रतिनिधिः आदिवासी एकता परिषद की सवैंधानिक अधिकार यात्रा के आलीराजपुर आगमन पर कॉलेज फाटक के सामने पुष्पाहार से भव्य स्वागत किया गया। गुरूवार को रतलाम से निकली यह यात्रा अलीराजपुर में शुक्रवार शाम 5 बजे पहुंची।

गौरतलब है कि यह सवैंधानिक यात्रा 14 जनवरी को महाराष्ट्र के नासिक जिले की नान्दूरी गांव पहुंचेगी। जहां देश भर के 2 लाख लोग एकत्र हो रहे हैं। आदिवासी अस्मिता, स्वावलंबन, आदिवासी संस्कृति का संरक्षण, प्रकृति की सुरक्षा, संविधान के हनन की रोक थाम जैसे मुद्दों को लेकर आदिवासी एकता परिषद ने यह अभियान चलाया है।

रैली कालेज फाटक से नीम चौक होते हुए बस स्टेशन पर आकर आमसभा में तब्दील हो गई। बस स्टेशन पर आमसभा को संबोधित करते हुए यात्रा के संयोजक पोरलाल खर्ते ने कहा कि आज विश्व पर्यावरणीय संकट से गुजर रहा है। अतिवृष्टि, अनावृष्टि, तापमान में बढोतरी जैसी स्थाई समस्या बढ़ती जा रही है, जिससे धरती माता की वनस्पति, वन संपदा, जैव विविधता का विनाश हो रहा है।

सभा को संबोधित करते हुए रतलाम के राजेन्द्र बारिया ने कहा कि शिक्षा हर नागरिक का मूलभूत अधिकार होना चाहिए। गरीब आदिवासी तबको का बड़ा वर्ग शिक्षा से वंचित हो रहा है। देश के नागरिक शिक्षा से वंचित न हो यह शासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने आदिवासी समाज से आह्वान किया कि संगठित होकर वे शिक्षा के अधिकार के लिए संघर्ष करें। वाहन यात्रा में रेमसिंह बामनिया, ज्ञानसिंह निंगवाल, शंकर तड़वाल, सनवर सस्तिया, पिंकी किराड़, दिवीया तड़वाल, कस्तूरी बाला चौहान, सोनू चौहान, मुकेश बारेला, तरूण मण्डलोई, आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *