झाबुआ। विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और गंभीर बीमारियों से बचाव की जानकारी देने के उद्देश्य से गुरुवार को पीएम श्री उत्कृष्ट विद्यालय में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जीवन ज्योति हेल्थ सर्विस झाबुआ द्वारा किया गया, जिसमें स्कूल के विद्यार्थियों को एचआईवी, एड्स और टीबी जैसी बीमारियों के संबंध में महत्वपूर्ण और उपयोगी जानकारियां प्रदान की गईं। संस्था के भावेश सोलंकी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एचआईवी (ह्यूमन इम्यूनोडेफिशिएंसी वायरस) और एड्स (एक्वायर्ड इम्यूनोडेफिशिएंसी सिंड्रोम) के बीच के मूलभूत अंतर को बेहद सरल और स्पष्ट ढंग से समझाया। उन्होंने बताया कि एचआईवी एक वायरस है जो शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को कमजोर बनाता है, जबकि एड्स इस संक्रमण की अंतिम और गंभीर स्थिति है। उन्होंने बीमारी के फैलने के मुख्य कारणों पर विस्तार से प्रकाश डाला और स्पष्ट किया कि सही जानकारी और सावधानी ही इससे बचाव का सबसे बड़ा साधन है। संस्था के परियोजना संचालक गोविंद भूरिया ने विद्यार्थियों को क्षय रोग (टीबी) के बारे में जानकारी दी। उन्होंने टीबी के लक्षण, इसके फैलने के तरीके और इसके समय पर उपचार की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि बच्चे स्वयं के साथ-साथ समाज को भी इसके प्रति जागरूक कर सकें। जागरूकता आयोजन की सफलता में प्राचार्य अजय कुशवाह का विशेष मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा। कुशवाह ने इस प्रकार के आयोजनों की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी सही और वैज्ञानिक जानकारी होना बेहद जरूरी है, ताकि वे भ्रांतियों से दूर रहकर एक स्वस्थ समाज का निर्माण कर सकें। विद्यालय के शिक्षक योगेश गुप्ता, रेमसिंग डामोर, हेमंत टेलर, ओमप्रकाश तोमर, योगेश्वर कटारा और सुशीम जायसवाल ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जीवन ज्योति हेल्थ सर्विस संस्था के प्रतिनिधि हर्ष बारिया, वंशिता कलम और संगीता जमरा भी उपस्थित रहे। Post navigation पारंपरिक खेती के साथ-साथ फसल विविधिकरण, उद्यानिकी और पशुपालन से जुड़े किसान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव बाल कल्याण समिति झाबुआ ने परित्यक्त नवजात को संरक्षण में लिया