झाबुआ लाइव के लिए विपुल पंचाल की रिपोर्ट-
एसपी महेशचंद जैन के निर्देशन पर पुलिस ने अपराधियों  पर नकेल कसना शुरू कर दी है। इसी के मद्देनजर बुधवार को क्राइम ब्रांच एवं पुलिस चौकी अंतरवेलिया को मिली सूचना कि एक व्यक्ति ग्राम काछला से चोरी की बाइक हीरो पैशन प्रो लेकर आ रहा है। इस दौरान क्राइम ब्रांच व अंतरवेलिया पुलिस ने संदेही नरेंद्र पिता मोहरसिंह निनामा निवासी बलवंत बड़ी के कब्जे से बाइक जब्त कर ली। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्वयं व मुकेश पिता सतूर भूरिया निवासी काछला मिलकर बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं और यह चोरी की बाइक झाबुआ के दो मैकेनिक मोहन व दीपू को बेच देते हैं। जिसकी निशानदेही पर झाबुआ में मोहन पिता नारजी निवासी मोजीपाड़ा के कब्जे से तीन बजाज पल्सर तथा दीपू पिता वीसिया भूरिया निवासी मेघनगर नाका से एक बजाज डिकस्वर, टीवीएस अपाचे और बजाज पल्सर बाइक जब्त कर ली है। पुलिस ने इन तीन आरोपियों के 7 चोरी की बाइक जब्त की है। आरोपियों ने इन मोटर साइकिलों को धार और रतलाम से चोरी करना बताया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भादवि की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *