लोहित झामर, मेघनगर खेल भावना, रोमांच और उत्साह के माहौल में ग्राम बड़ा घोसलिया में आयोजित तीन दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में उज्जैन, भोपाल, बड़नगर, झाबुआ सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से पहुंची विभिन्न टीमों ने दमखम दिखाते हुए शानदार खेल का प्रदर्शन किया। तीन दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। रोमांचक मुकाबलों का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं ग्रामीणजन मैदान पर मौजूद रहे। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में उज्जैन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को ग्रामीण युवाओं की ओर से 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं भोपाल की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जिसे 6 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा मंडल अध्यक्ष रूपसिंह भूरिया, पूर्व जनपद अध्यक्ष नरवरसिंह हाड़ा, युवा पत्रकार भुपेन्द्र बरमण्डलिया सहित क्षेत्र के समाजसेवी एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, एकता और आपसी भाईचारे की भावना को भी मजबूत करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं। समापन अवसर पर आयोजक समिति ने प्रतियोगिता में शामिल सभी टीमों, खिलाड़ियों, अतिथियों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्यों और ग्राम के युवा साथियों का विशेष सहयोग रहा। Post navigation 28 साल बाद फिर सजेगी मेघनगर की धर्मनगरी, गूंजेगा श्रीमद्भागवत और श्रीराम कथा का अमृत मेघनगर में युवाओं के साथ ‘चाय पर चर्चा’, शिक्षा, रोजगार, स्टार्टअप और तकनीक सहित विभिन्न मुद्दों पर हुआ संवाद