आलीराजपुर। पुलिस कंट्रोल रूम में आज क्राइम मीटिंग आयोजित की गई जिसमे पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास प्रोफेसर की भूमिका में नज़र आए,उन्होंने मीटिंग में उपस्थित सभी राजपत्रित अधिकारी व थाना प्रभारियों को बीट प्रणाली तथा उसके अंदर माइक्रो बीट प्रणाली को बड़ी ही बारीकी से समझाया।गौरतलब है कि पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश कैलाश मकवाना द्वारा सभी पुलिस अधीक्षकों को पत्र लिखकर पुलिस की बीट प्रणाली को सुदृढ़ रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए है,जिसमे बीट को माइक्रो बीट में भी बांटा गया है जिससे पुलिस को एक एक गांव,मोहल्ले की गतिविधि की जानकारी रहे ।सभी बीट प्रभारियों से बीट पुस्तिका भी तैयार कराई जा रही है जिससे पुलिस के पास एक एक गांव फलिए व मोहल्ले की कुंडली होगी । यह व्यवस्था ना केवल अपराध को रोकने में कारगर है अपितु इससे पुलिस प्रत्येक बदमाश की गतिविधि पर भी नज़र रखकर उस पर लगाम कस सकेगी ।

इसके अतिरिक्त क्राइम मीटिंग में लंबित गंभीर अपराध,दुर्घटना सम्बन्धी प्रकरण,समन्स वारंट के तामीली की समीक्षा,महिला अपराध,अभियोजन स्वीकृति हेतु लंबित प्रकरण,इनामी बदमाशों की गिरफ़्तारी की भी समीक्षा की गई ।

बैठक में दिनांक 07.03.2024 से प्रारंभ होने वाले भगोरिया उत्सव की तैयारियों की भी समीक्षा की गई,पुलिस अधीक्षक द्वारा भगोरिया उत्सव से पूर्व सुरक्षा व्यवस्था का आंकलन करना,ट्राफिक व्यवस्था,मार्ग व्यवस्था व आयोजकों की बैठक कर सीसीटीवी लगाने के भी निर्देश दिए है।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भगोरिया में महिला सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है इसके लिए सभी आवश्यक उपाय किए जाएँगे ।

क्राइम मीटिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल,अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जोबट नीरज नामदेव, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अलीराजपुर अश्वनी कुमार,उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा बी एल अटोदे, उप पुलिस अधीक्षक अजाक सतीश द्विवेदी सहित सभी थानों के थाना प्रभारी उपस्थित हुए ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *