आलीराजपुर। ग्राम खंडालाराव, तहसील जोबट की रहने वाली आरती अजनार ने कठिन परिस्थितियों और लंबे संघर्ष के बीच सफलता हासिल करते हुए असिस्टेंट प्रोफेसर (समाजशास्त्र) के पद पर चयनित होकर परिवार एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। आरती के पिता स्वर्गीय अंतर सिंह अजनार का निधन हो चुका है। पिता के साए के बिना जीवन में आई कठिनाइयों के बावजूद आरती ने अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया और निरंतर मेहनत करते हुए यह मुकाम हासिल किया। असिस्टेंट प्रोफेसर की तैयारी के दौरान उन्होंने भाबरा में एक निजी स्कूल में टीचर की नौकरी भी की और नौकरी के साथ अपनी पढ़ाई एवं प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी जारी रखी। उनके इस संघर्षपूर्ण सफर में माता, भाई-बहन और दोस्तों ने निरंतर सहयोग, हौसला और मार्गदर्शन दिया। आरती की सफलता इसलिए भी विशेष है क्योंकि उन्होंने विपरीत परिस्थितियों के बीच अपनी शिक्षा और लक्ष्य को प्राथमिकता देते हुए कठिन परिश्रम जारी रखा। आरती का कहना है कि पिता आज भले ही उनके बीच नहीं हैं, लेकिन उनके संस्कार और आशीर्वाद हमेशा उनके साथ हैं। आज उनकी यह उपलब्धि उनके स्वर्गीय पिता को सच्ची श्रद्धांजलि है। आरती की इस सफलता पर परिजनों, मित्रों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। Post navigation जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मूक-बधिर विद्यार्थियों को विधिक साक्षरता की जानकारी दी रिश्वतखोर पंचायत सचिव को 4 वर्ष का सश्रम कारावास