भूपेंद्र नायक, पिटोल झाबुआ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पिटोल नगर से करीब एक किलोमीटर दूर, तालाब के किनारे प्राकृतिक सौंदर्य और हरे-भरे पौधों के बीच स्थित मुक्तिधाम में आज समतलीकरण और विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया। इस पूरे कार्य में आठ लाख रुपये से अधिक की लागत आएगी, जिसमें पंद्रहवें वित्त आयोग के तहत जनपद स्तर से प्राप्त 4 लाख 75 हजार रुपये की स्वीकृत राशि के साथ-साथ स्थानीय जनसहयोग भी शामिल रहेगा। इस निर्माण कार्य के तहत मुख्य रूप से मुक्तिधाम में शवदाह के चबूतरे (ओटले), उसके आसपास के परिसर और मुक्तिधाम तक जाने वाले मुख्य मार्ग पर सीमेंटेड पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे। समतलीकरण और ब्लॉक लगने के बाद बारिश के मौसम में मुक्तिधाम परिसर में होने वाले कीचड़ और जलभराव की समस्या खत्म हो जाएगी, जिससे दाह संस्कार के लिए आने वाले लोगों को भारी राहत मिलेगी। मुक्तिधाम के समतलीकरण के इस भूमिपूजन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कमोदी भूरिया के प्रतिनिधि हरु भूरिया, जिला पंचायत सदस्य बहादुर हटीला, मंडल अध्यक्ष दिनेश मेवाड़, भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अतुल चौहान, जनपद सदस्य प्रियल मेड़ा, भाजपा के वरिष्ठ नेता जगदीश बड़दवाल और महेंद्र सिंह ठाकुर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा पिटोल सरपंच प्रतिनिधि मकन सिंह गुन्डिया, उप सरपंच राम कृष्ण नागर, पंचायत सचिव नरवर नायक, प्रतीक शाह और नगर के वरिष्ठ नागरिक मड़ू काका प्रजापति, विनोद पांचाल, निर्भय सिंह ठाकुर व भूपेंद्र नायक सहित कई गणमान्य लोग भी इस कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। Post navigation आबकारी विभाग मौन, सड़कों पर ‘शराब माफिया’ का खूनी खेल: बिना नंबर की गाड़ियों से हो रही अवैध शिकारमारी अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिले तो कलेक्टर ने स्वयं किया मरीजों का चेकअप, पिटोल में जानी ग्रामीणों की समस्याएं