चंद्रभानसिंह भदौरिया, झाबुआ
नामांकन वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद कांग्रेस ने अब अनुशासन का चाबूक चलाया है। तमाम समझाइश के बावजूद भी झाबुआ से कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी डॉ. विक्रांत भूरिया के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरने के बाद आज नाम वापसी न लेने के चलते कांग्रेस ने जेवियर मेड़ा को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इसी तरह अलीराजपुर जिले की जोबट विधानसभा में कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी कलावती भूरिया के खिलाफ निर्दलीय मैदान में डटे प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष सुलोचना रावत के बेटे विशाल रावत को भी कांग्रेस ने पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाते हुए छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। कांग्रेस के मध्यप्रदेश प्रभारी संजय कपूर ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यदि चुनाव प्रचार अभियान के दौरान ब्लॉक कांग्रेस, जिला कांग्रेस एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटियों का कोई पदाधिकारी कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ प्रचार करता हुआ देखा गया या पाया गया तो उसे भी कांग्रेस से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *