अर्पित चोपड़ा, खवासा

खवासा क्षेत्र में नर्मदा का पानी लाने की मांग को लेकर खवासा के ग्रामीणों ने आज स्थानीय बस स्टैंड पर धरना दे दिया। क्षेत्रवासियों की मांग है कि खवासा के समीप से गुजर रही नर्मदा माइक्रो उद्वहन पाइप लाइन क्रमंग 16 से एक आउटलेट खवासा को दिया जाए। अपनी इस मांग को लेकर आज खवासा के ग्रामीण धरने पर बैठे है और नारेबाजी करते हुए प्रशासन तक अपनी मांग पहुंचा रहे है। अपनी इस जायज मांग के प्रति प्रशासन के बेरुखे रवैये से ग्रामीणों में भारी आक्रोश दिखाई दे रहा है। धरने में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बुजुर्ग शामिल हुए है। ग्रामीणों का कहना है कि इस आउटलेट से नर्मदा का पानी खवासा के तालाब क्रमांक 1 में डाला जाना चाहिए। इस पानी से खवासा की वर्षों पुरानी स्थाई पेयजल संकट की समस्या का समाधान भी हो जाएगा और किसानों को सिंचाई के लिए भी पानी मिल जाएगा। थांदला जनपद उपाध्यक्ष मायादेवी प्रेमसिंह चौधरी ने बताया कि क्षेत्र की इस मांग को लेकर वे शासन-प्रशासन स्तर पर हर संभव जरूरी कार्यवाही करते हुए नर्मदा का पानी देने की मांग रख चुकी है किंतु प्रशासन की ओर से कोई भी सकारात्मक परिणाम अभी तक नहीं मिले है।

उल्लेखनीय है कि अपनी इसी मांग को लेकर पूर्व में भी खवासा की महिलाएं खाली बर्तन लेकर एक रैली निकालकर प्रभावी प्रदर्शन कर चुकी है किंतु अंधे-बहरे हो चुके प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बेरुखे रवैये से नाराज ग्रामीणों ने कुछ दिन पूर्व एक बैठक कर धरने के फैसला लिया। बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि धरने के बावजूद भी यदि मांग नहीं मानी जाती है तो आगे आंदोलन को तीव्र करते हुए नगर बंद और भूख हड़ताल जैसे कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल धरना सुबह 11 बजे से समाचार लिखे जाने तक जारी है। ग्रामीण परियोजना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी के मौके पर आकर उनकी मांग सुनने की बात पर अड़े हुए है। नायाब तहसीलदार पलकेश परमार और खवासा चौकी प्रभारी एडमिरल तोमर मौके पर मौजूद है। तहसीलदार अनिल बघेल और एसडीओपी भी मौके पर पहुंचे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *