रितेश गुप्ता, थांदला

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर थांदला में राष्ट्रीय भावना और देशभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं तिरंगा अभियान को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस संबंध में पंचायत स्तर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित सभी विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रमों की जानकारी दे दी गई है।

एसडीएम गाँचले ने बताया कि 10 से 12 अगस्त तक नगर एवं क्षेत्र के सभी विद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें निबंध लेखन, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताएं प्रमुख रहेंगी। विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों का प्रदर्शन 14 अगस्त को नगरपालिका के बैडमिंटन हॉल में किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

13 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा

स्वतंत्रता दिवस अभियान के तहत 13 अगस्त को नगर में बड़ी तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में सभी शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं सहित नागरिक शामिल होंगे। यात्रा नगरपालिका दशहरा मैदान से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः नगरपालिका दशहरा मैदान पर समाप्त होगी। प्रशासन ने अधिक से अधिक लोगों से तिरंगा यात्रा में शामिल होने की अपील की है।

14 अगस्त को शहीदों को श्रद्धांजलि

14 अगस्त की शाम शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके माध्यम से नागरिकों को स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों की याद दिलाई जाएगी।

आजाद चौक पर होगा मुख्य समारोह

15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आजाद चौक पर आयोजित होगा। यहां नगरपालिका अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद स्वतंत्रता दिवस से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी इस अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।

17 अगस्त को होगा अभियान का समापन

एसडीएम ने बताया कि तिरंगा अभियान 17 अगस्त तक चलेगा। अभियान के समापन अवसर पर मेट्रो गार्डन में कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। इसमें स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। इसी कार्यक्रम के साथ तिरंगा अभियान का विधिवत समापन किया जाएगा।

एसडीएम गाचले ने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल अथवा पार्टी विशेष का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश का राष्ट्रीय पर्व और राष्ट्रध्वज के सम्मान से जुड़ा अभियान है। उन्होंने नगर के सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न वर्गों से कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही राष्ट्रीय पर्व की गरिमा और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना और मजबूत होगी। प्रशासन ने नागरिकों से पूरे अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *