झाबुआ। भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने झाबुआ में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला आयुष कार्यालय झाबुआ में पदस्थ एक महिला कर्मचारी के पति को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। यह रिश्वत एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के पेंशन और अन्य लाभों के भुगतान के एवज में मांगी गई थी।

यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के सख्त निर्देशों और डीआईजी श्री मनोज कुमार सिंह के मार्गदर्शन में की गई।

12,000 रुपये की थी मांग, 10 हजार लेते हुए ट्रैप

शिकायतकर्ता कमल सिंह ठाकुर (63 वर्ष), जो शासकीय आयुर्वेद औषधालय पेटलावद (जिला झाबुआ) से 28 फरवरी 2026 को कम्पाउण्डर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे, ने लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय को इस मामले की शिकायत दर्ज कराई थी।

कमल सिंह ठाकुर को सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन, ग्रेज्यूटी, अर्जित अवकाश और समयमान वेतनमान का लाभ मिलना था। जिला आयुष कार्यालय झाबुआ में पदस्थ सहायक ग्रेड-2, रत्नाप्रेम पंवार ने इन प्रकरणों के बिल तैयार करने और कोषालय से राशि निकलवाने के एवज में 12,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

पति को भेजा रिश्वत लेने, राजगढ़ चौराहे पर धराया

शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने के बाद 20 मार्च 2026 (आज) को लोकायुक्त ने एक ट्रैप दल का गठन किया। आरोपिया रत्नाप्रेम पंवार ने रिश्वत की राशि प्राप्त करने के लिए अपने पति श्री नरेन्द्र पंवार (63 वर्ष) को भेजा। योजना के अनुसार, लोकायुक्त टीम ने राजगढ़ चौराहा, झाबुआ पर घेराबंदी की और नरेन्द्र पंवार को आवेदक कमल सिंह ठाकुर से 10,000 रुपये नकद लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

आरोपी रत्नाप्रेम पंवार और उनके पति नरेन्द्र पंवार के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 7 एवं 61(2) बीएनएस के अंतर्गत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में शामिल ट्रैप दल: इस सफल कार्रवाई में कार्यवाहक निरीक्षक सचिन पटेरिया, आरक्षक विजय कुमार, आदित्य सिंह भदौरिया, पवन पटोरिया, मनीष माथुर, कमलेश तिवारी और जिला पुलिस लाइन इंदौर की महिला आरक्षक 807 पूजा तोमर एवं 3329 जान्हवी सेंगर शामिल थीं।

लोकायुक्त की आमजन से अपील: लोकायुक्त संगठन द्वारा लगातार भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी जायज काम के एवज में रिश्वत की मांग करता है, तो वे बेझिझक लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *