शान ठाकुर, पेटलावद

गुरुकुल एकेडमी पेटलावद में शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के चेयरमैन आकाश चौहान, विशेष अतिथि विद्यालय की प्रेसिडेंट हर्षिता चौहान, अकादमिक डायरेक्टर अतुल मेहता एवं विद्यालय के प्राचार्य संतोष कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधन सदस्यों एवं शिक्षकों के ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत एवं ग्रैंड एंट्री से हुआ। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया तथा उन्हें आकर्षक उपहार भेंट कर उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों के मनोरंजन एवं सहभागिता के लिए विभिन्न रोचक खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मुख्य अतिथि आकाश चौहान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों के निर्देशों का पालन करते हुए उनके मार्गदर्शन को जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक केवल विषय का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार एवं भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

विद्यालय के प्राचार्य संतोष कुमार ने विद्यार्थियों को महान शिक्षाविद् एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों पर विश्वास एवं आस्था रखनी चाहिए और उनके मार्गदर्शन का अनुसरण करते हुए अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

अकादमिक डायरेक्टर अतुल मेहता ने भी शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया। पूरे कार्यक्रम में गुरु-शिष्य के बीच सम्मान, प्रेम और आत्मीयता की सुंदर झलक देखने को मिली। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, उमंग एवं भावनाओं से भरपूर रहा। इस प्रकार गुरुकुल एकेडमी में शिक्षक दिवस समारोह अत्यंत गरिमापूर्ण एवं यादगार रूप से संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *