अर्पित चोपड़ा खवासा 

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खवासा नगर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का उत्साह देखते ही बना। सुबह स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा नगर में भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर निकले बच्चों ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम”, “विजय विश्व तिरंगा” और “प्यारा झंडा ऊंचा रहे हमारा” जैसे देशभक्ति नारों एवं गीतों से पूरे नगर को गुंजायमान कर दिया।

प्रभात फेरी बालक हाई सेकेंडरी स्कूल से प्रारंभ होकर बस स्टैंड, हनुमान मंदिर चौक सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पंचायत भवन पहुंची। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा बस स्टैंड पर झंडा वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं हनुमान चौक पर मुख्य अतिथि एबीवीपी के नगर अध्यक्ष विकास भगत ने तिरंगा फहराया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया। स्कूल के छात्रों ने वाद्य यंत्रों के माध्यम से तिरंगे को सलामी दी।

प्रभात फेरी नीम चौक, राम मंदिर, गणेश मंदिर होते हुए बामनिया रोड स्थित पंचायत भवन पहुंची। यहां सरपंच गंगा बाई खराड़ी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर झंडा वंदन किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और विद्यार्थियों ने वाद्य यंत्रों के साथ सलामी दी।

कन्या परिसर में रंगारंग कार्यक्रम, बच्चों ने दी शानदार प्रस्तुतियां

स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम शासकीय कन्या परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। साथ ही नशा मुक्ति अभियान के तहत भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

नगर की सत्य साईं स्कूल, संत टेरेसा स्कूल, न्यू हाइट पब्लिक स्कूल, आदर्श स्कूल, संदीपनी बालक स्कूल एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों में देशभक्ति का जोश भर दिया।

जनप्रतिनिधि, शिक्षक और विद्यार्थी रहे मौजूद…

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि धर्मेंद्र सिंह चुंडावत, अध्यक्ष सरपंच गंगा बाई खराड़ी, जनपद उपाध्यक्ष मायादेवी चौधरी, जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि प्रेमसिंह चौधरी, उपसरपंच मनोहर बारिया, सचिव कांतिलाल परमार सहित सभी पंच, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर बच्चों को लड्डू वितरित किए गए। इसके बाद पंचायत भवन में ग्राम सभा का आयोजन किया गया।

प्रतिभावान विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

माही की गूंज द्वारा कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मान पत्र एवं पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया। यांशिका कृष्ण कुमार पाटीदार, दिव्या मयंक पाटीदार, चिंकी दिनेश पाटीदार और हिमाली इंदरमल चोपड़ा का सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में विशेष स्थान हासिल करने के लिए किया गया। इस अवसर पर नगर के समस्त पत्रकार भी मौजूद रहे।

पुलिस चौकी में भी शान से लहराया तिरंगा..

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्थानीय पुलिस चौकी में भी झंडा वंदन समारोह आयोजित किया गया। चौकी प्रभारी अनिल सिंह घुरैया ने तिरंगा फहराकर सलामी दी। इस दौरान पुलिस चौकी का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

उप तहसील कार्यालय में भी हुआ ध्वजारोहण

वहीं उप तहसील कार्यालय में राजस्व अधिकारी नायब तहसीलदार राजेश जमरा द्वारा झंडा वंदन किया गया। इस अवसर पर पटवारी दिनेश राणा, समस्त पटवारी एवं कोटवार वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

एमपीईबी पर भी हुआ ध्वजारोहण 

स्थानीय मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी में भी ध्वजारोहण हुआ। यहाँ संतोष जैन ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान एमपीईबी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *