अलीराजपुर, हमारे प्रतिनिधिः जिले के 05 ग्राम पंचायतों के सरपंचों द्वारा ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं में बिना कार्य के मूल्यांकन से अधिक राशि का आहरण कर व्यय किए जाने से विहित प्राधिकारी पंचायत राज स्वराज अधिनियम एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अलीराजपुर ने कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए है।

कलेक्टर श्री शेखर वर्मा के निर्देशानुसार संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायतों द्वारा ग्राम पंचायतों के अंतर्गत पंचपरमेश्वर, बीआरजीएफ, भारत निर्मल अभियान व सर्वशिक्षा अभियान आदि योजनाओं में आर्थिक अनियमितता की समिति से जांच कराई गई।

जांच समिति द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन अनुसार ग्राम पंचायत चौगनवाट, गव्हाण, खरपई, मौरासा, मसनी के सरपंचों द्वारा पंचपरमेश्वर, बीआरजीएफ, भारत निर्मल अभियान व सर्वशिक्षा अभियान आदि योजनाओं में गंभीर आर्थिक अनियमितता की गई।

प्राप्त जानकारी अनुसार जनपद पंचायत अलीराजपुर अंतर्गत

  1. ग्राम पंचायत चौगनवाट की सरपंच श्रीमती बलीबाई-दिनेश द्वारा कुल 11 लाख 43 हजार रूपए,
  2. ग्राम पंचायत गव्हाण की सरपंच श्रीमती वेलकीबाई-बहादूर ने कुल 9 लाख 31 हजार रूपए,
  3. ग्राम पंचायत खरपई की सरपंच श्रीमती शानी-राजू ने कुल 8लाख 81 हजार रूपए,
  4. ग्राम पंचायत मौरासा के सरपंच श्री कुंवरसिंह -दलसिंह ने कुल 8 लाख 71 हजार रूपए तथा
  5. ग्राम पंचायत मसनी के सरपंच श्री भेरूसिंह-नहारसिंह ने कुल 8 लाख 10 हजार रूपए अधिक आहरण किया गया।

इस कारण विहित प्राधिकारी पंचायत राज स्वराज अधिनियम एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अलीराजपुर श्री एमएल कनेल ने गंभीर स्वरूप की अनियमिताए बरतने के कारण कृत्य म.प्र. पंचायत राज स्वराज अधिनियम 1993 की धारा 40 के अंतर्गत कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *