संजय गांधी, बोरी बोरी क्षेत्र में हाल ही में घटित हुई सामूहिक दुष्कर्म और चोरी की अमानवीय व जघन्य वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और भारी आक्रोश का माहौल है। घटना के दो दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज आज आदिवासी समाज के सैकड़ों युवाओं ने एकजुट होकर बोरी पुलिस थाने पर जोरदार प्रदर्शन किया और अपना आक्रोश व्यक्त किया। https://jhabualive.com/wp-content/uploads/2026/07/WhatsApp-Video-2026-07-12-at-7.57.26-PM-1.mp4 थाने पहुंचे युवाओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। युवाओं का नेतृत्व कर रहे सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस हृदय विदारक घटना ने न केवल आदिवासी समाज को बल्कि पूरे अंचल को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद से ही क्षेत्र की बहू-बेटियों में असुरक्षा का भय है, लेकिन पुलिस प्रशासन अब तक मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने में नाकाम रहा है। थाने पर आधे घंटे तक किया प्रदर्शन, पुलिस अधिकारियों से की रूबरू चर्चा । सैकड़ों की संख्या में एकत्रित हुए युवाओं ने थाने का घेराव करते हुए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों से तीखी बहस हुई । युवाओं ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन ने अगले 24 से 48 घंटों के भीतर सभी दरिंदों को गिरफ्तार नहीं किया, तो यह शांतिपूर्ण आक्रोश एक बड़े और उग्र आंदोलन में बदल जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। युवाओं और सर्व समाज की प्रमुख मांगें: त्वरित गिरफ्तारी: जघन्य वारदात में शामिल सभी आरोपियों को बिना किसी देरी के तुरंत गिरफ्तार किया जाए। फास्ट-ट्रैक कोर्ट और फांसी: मामले की गंभीरता को देखते हुए केस को फास्ट-ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए और दोषियों को फांसी की सजा दिलवाई जाए। लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई: मामले की तफ्तीश में ढील बरतने वाले जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर भी सख्त कार्रवाई हो। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम: बोरी नगर और आसपास के संवेदनशील ग्रामीण इलाकों में पुलिस की रात्रि गश्त तुरंत बढ़ाई जाए। कल ‘बोरी नगर बंद’ को मिला भारी समर्थन थाने पर हुए इस बड़े प्रदर्शन के बाद कल होने वाले ‘बोरी नगर बंद’ के आह्वान को और अधिक मजबूती मिल गई है। आदिवासी समाज के युवाओं के इस कदम का क्षेत्र के व्यापारी संघों, सामाजिक संगठनों और सर्व समाज ने खुलकर समर्थन किया है। कल बोरी नगर के सभी बाजार, व्यापारिक प्रतिष्ठान और दैनिक कामकाज पूरी तरह बंद रहेंगे। इस संबंध में स्थानीय पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि, युवाओं और नगरवासियों का स्पष्ट कहना है कि अब वे आश्वासनों से मानने वाले नहीं हैं, उन्हें धरातल पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार के लिए न्याय चाहिए। Post navigation युवाओं का फूटा आक्रोश: बोरी थाना क्षेत्र में विधवा महिला से बर्बरता के खिलाफ ग्रामीणों का महाआक्रोश सामूहिक दुष्कर्म : 48 घंटे बाद भी सुलग रहे सवाल