सोंडवा के खाम्बा विद्यालय में सेवा संकल्प के तहत चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता आयोजित

0

सोंडवा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मोत्सव के अवसर पर सेवा संकल्प के अंतर्गत *सोंडवा तहसील के एकीकृत माध्यमिक विद्यालय खाम्बा* में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामाजिक, पर्यावरणीय एवं समसामयिक विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, ‘स्वच्छ भारत मिशन एवं स्वच्छता’, ‘ग्लोबल वार्मिंग’, ‘वसुधैव कुटुम्बकम्—संपूर्ण विश्व एक परिवार’ तथा भगवान श्रीकृष्ण जैसे विषयों को अपनी कला के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। *ग्लोबल वार्मिंग विषय पर मनीष खरत एवं प्रमिला सस्तिया, वसुधैव कुटुम्बकम् विषय पर राहुल डावर एवं दिलीप नरगावा तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ विषय पर सुनीता खरत, सुनीता नरगावा एवं वर्षा ने चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया*। वहीं स्वच्छ भारत मिशन एवं स्वच्छता विषय पर कविता नरगावा, विकास सोलंकी, सालम सहित अन्य विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने बालिका शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता एवं विश्व बंधुत्व जैसे महत्वपूर्ण संदेशों को रचनात्मक अभिव्यक्ति दी। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार की ओर से संस्था प्रमुख सुरेश सस्तिया, रमेश चौहान, तृषित जमरा एवं इंग्लेश तोमर ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया तथा उन्हें सामाजिक एवं पर्यावरणीय विषयों पर अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिली। प्रतियोगिता और वृक्षारोपण के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, बालिका शिक्षा एवं सामाजिक समरसता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.