पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती कटुता की दो अलग-अलग तस्वीर

0

शान ठाकुर, पेटलावद

मंगलवार को पेटलावद में कलेक्टर की जनसुनवाई में दो अलग-अलग मामलों में पारवारिक रिश्तो में बढ़ती कटुता ओर सामाजिक विघटन की तस्वीर सामने ला दी है। एक पत्नी ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगायें है तो वही एक बुजुर्ग पिता ने अपने ही पुत्र पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए है।

पहला मामला

एक महिला ने अपने पति और ससुर पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है। ग्राम बरवेट निवासी सीमा पति संदीप डामर ने कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर आरोप लगाया कि विवाह के कई वर्षों बाद अब उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर “पागल” घोषित किया जा रहा है तथा घर से निकाल दिया गया है। आवेदन के अनुसार सीमा का विवाह लगभग 20 वर्ष पूर्व संदीप डामर निवासी पेटलावद से हुआ था। विवाह के बाद दोनों का एक पुत्र भी है। महिला का आरोप है कि पिछले कुछ समय से पति संदीप डामर और ससुर राजू डामर द्वारा लगातार गाली-गलौज और विवाद कर उसे प्रताड़ित किया जा रहा था।

पीड़िता ने आवेदन में बताया कि करीब एक वर्ष पहले वह कुएं में पानी भरने गई थी। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर गई। घटना के बाद उसे बचा लिया गया, लेकिन इसके बाद पति और परिवार के अन्य सदस्य उसे “पागल” कहकर अपमानित करने लगे। महिला का आरोप है कि इसी बहाने उसे घर से निकाल दिया गया।महिला ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया कि उसका पति अब दूसरी महिला को घर में लेकर आ गया है और उसे तथा उसके पुत्र को साथ रखने से इंकार कर रहा है। पीड़िता के अनुसार पति न तो उसका भरण-पोषण कर रहा है और न ही बच्चे के खर्च की जिम्मेदारी उठा रहा है। सीमा ने बताया कि घर से निकाले जाने के बाद वह अपने पिता के घर रहने को मजबूर है। आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण उसे और उसके पुत्र को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।महिला ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर पति एवं ससुर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा उसे न्याय दिलाने की मांग की है।

समझिए दूसरा मामला

जनसुनवाई के दोरान एक विकलांग ओर वृद्ध पिता ने अपने ही पुत्र पर घर से निकालने, जमीन-जायदाद और जेवरात हड़पने के गंभीर आरोप लगाए हैं। फरियादी सोमला गरवाल निवासी सातरुंडी ने कलेक्टर के समक्ष आवेदन देकर न्याय की मांग की है। आवेदन के अनुसार वृद्ध पिता ने आरोप लगाया कि उनका पुत्र लालू लंबे समय से उनके साथ अभद्र व्यवहार कर रहा है। आए दिन गाली-गलौज, विवाद और मारपीट कर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। पीड़ित का कहना है कि पुत्र ने चालाकी से उनकी जमीन और जेवरात अपने कब्जे में ले लिए तथा अब उन्हें ही घर से बाहर निकाल दिया गया है। वृद्ध पिता ने आरोप लगाया कि उन्हें खाने-पीने तक के लिए परेशान किया जा रहा है और उनकी देखभाल नहीं की जा रही। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि वृद्धावस्था में जहां उन्हें अपने पुत्र से सहारे और सम्मान की उम्मीद थी, वहीं अब उन्हें अपमान और प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। पीड़ित ने कहा कि पुत्र द्वारा लगातार डराया-धमकाया जा रहा है, जिससे उनका जीवन असुरक्षित महसूस हो रहा है। वृद्ध पिता ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर संपत्ति और जेवरात की स्थिति स्पष्ट करवाई जाए तथा उन्हें सुरक्षा और न्याय दिलाया जाए।

जनसुनवाई में उठे पारिवारिक विवादों के मामले

दोनों मामलों ने पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती कटुता और सामाजिक विघटन की तस्वीर सामने रख दी है। एक ओर महिला ने पति द्वारा प्रताड़ना और घर से निकाले जाने की शिकायत की, वहीं दूसरी ओर वृद्ध पिता ने अपने पुत्र पर संपत्ति हड़पने और प्रताड़ना के आरोप लगाए। अब दोनों ही मामलों में पीड़ितों को प्रशासनिक कार्रवाई और न्याय का इंतजार है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.