झाबुआ। शासकीय मॉडल स्कूल पाड़लवा के छात्रों द्वारा की गई पदयात्रा के मामले में NSUI पदाधिकारियों पर दर्ज की गई एफआईआर के विरोध में जिला युवक कांग्रेस लामबंद हो गई है। युवक कांग्रेस ने इसे राजनीतिक द्वेष और षड्यंत्र बताया है। गुरुवार को जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष नटवर सिंह डोडियार ने पुलिस अधीक्षक को पत्र सौंपकर NSUI जिला अध्यक्ष नरवेश अमलियार और नीलेश गणावा पर दर्ज एफआईआर को तत्काल निरस्त करने की मांग की है। https://jhabualive.com/wp-content/uploads/2026/02/WhatsApp-Video-2026-02-12-at-7.59.36-PM.mp4 युवक कांग्रेस अध्यक्ष नटवर सिंह डोडियार ने पत्र में बताया कि विगत दिनों मॉडल स्कूल पाड़लवा के विद्यार्थियों ने अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से पदयात्रा कर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा था। यह छात्रों का लोकतांत्रिक अधिकार था। डोडियार का कहना है कि इस दौरान NSUI जिला अध्यक्ष नरवेश अमलियार और नीलेश गणावा वहां केवल छात्रों की सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से उपस्थित थे। उनका किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधि से कोई संबंध नहीं था। इसके बावजूद राजनीतिक दबाव और दूषित मानसिकता के चलते दोनों छात्र नेताओं के खिलाफ झूठी और मनगढ़ंत एफआईआर दर्ज की गई है। युवक कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि यह कार्रवाई छात्र हितों की आवाज को कुचलने का प्रयास है। पत्र में कहा गया है कि लोकतंत्र में असहमति अपराध नहीं है और निर्दोष छात्र नेताओं पर दमनकारी कार्रवाई प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करती है। ज्ञापन में पुलिस अधीक्षक से निम्नलिखित मांगें की गई हैं: दर्ज की गई एफआईआर की निष्पक्ष जांच कराई जाए। निराधार एफआईआर को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। भविष्य में छात्र आंदोलनों को आपराधिक स्वरूप देने की प्रवृत्ति पर रोक लगे। युवक कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि इस प्रकरण में शीघ्र न्यायोचित कार्रवाई नहीं की गई, तो युवा कांग्रेस और NSUI व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। Post navigation अंतरराष्ट्रीय महिला एवं बालिका विज्ञान दिवस पर जागरूकता सत्र एवं स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम हुआ कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया की बड़ी उपलब्धि: पेटलावद सिविल अस्पताल को मिली डायलिसिस मशीन