जोबट पुलिस की बड़ी सफलता: 19 लाख रुपये की चोरी करने वाली पारदी गैंग के 3 आरोपी गिरफ्तार, बलेनो कार और नकदी जब्त

0

जितेंद्र वर्मा, जोबट

आलीराजपुर जिले के जोबट थाना क्षेत्र में अनाज व्यापारी से हुई 19 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने महज 72 घंटों के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाली पारदी गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर शत-प्रतिशत नकदी और घटना में इस्तेमाल की गई बलेनो कार (MP 09 ZB 4246) बरामद कर ली है।

काउंटर से पार किया था नोटों से भरा बैग

यह घटना 18 जून 2026 को सुबह करीब 10:35 से 11:00 बजे के बीच हुई। फरियादी अनाज व्यापारी प्रदीप जैन अपनी दाल मिल परिसर स्थित दुकान पर व्यापार कर रहे थे। उन्होंने अनाज खरीदने के लिए 19 लाख रुपये से भरा बैग काउंटर पर रखा था। जब वे मजदूरों को काम बताने के लिए थोड़ी देर के लिए हटे, तभी अज्ञात बदमाशों ने बैग पार कर दिया। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक आरोपी बैग ले जाता हुआ दिखाई दिया, जो बाद में अपने साथियों के साथ पुराना बस स्टैंड से नई बलेनो कार में बैठकर झाबुआ की तरफ भाग निकला। पुलिस ने भादंवि (BNS) की धारा 303 (2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

बुरहानपुर और उन्हेल से दबोचे गए आरोपी

पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ बघेल के मार्गदर्शन और एसडीओपी रविन्द्र राठी के नेतृत्व में गठित टीम ने सायबर सेल की मदद से धार, बेटमा, पुणे और बुरहानपुर तक पीछा किया। पुलिस ने बुरहानपुर से आरोपी रमाकांत सोलंकी (24, निवासी बेटमा, इंदौर) को दबोचा। उसकी निशानदेही पर उन्हेल से काजूसिंह राठौड़ (25, निवासी बेटमा, इंदौर) और रजत सोलंकी (25, निवासी बड़नगर, उज्जैन) को गिरफ्तार किया गया।

आरोपी काजूसिंह के घर से चोरी के पूरे 19 लाख रुपये बरामद किए गए और रमाकांत के पास से वारदात में इस्तेमाल सफेद बलेनो कार जब्त की गई। इस मामले का एक अन्य आरोपी साईन राठौड़ फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस त्वरित खुलासे में जोबट थाना प्रभारी निरीक्षक विजय वास्कले, बोरी थाना प्रभारी निरीक्षक नेपाल सिंह चौहान, उपनिरीक्षक गोविंद सिंह कटारे, सायबर सेल के प्रधान आरक्षक दिलीप, आरक्षक प्रमोद, नागर सोलंकी सहित पुलिस टीम की मुख्य भूमिका रही।

Leave A Reply

Your email address will not be published.