नगर पालिका में हो रहे घोर भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस ने खोला मोर्चा

- Advertisement -

झाबुआ। सांसद कांतिलाल भूरिया ने आज स्थाननीय सर्किट हाउस में झाबुआ में भाजपा की नगर पालिका द्वारा किए जा रहे भ्रष्टाचार को लेकर तीखा हमला किया। सांसद भूरिया ने आज प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि नगर पालिका द्वारा पिछले चुनाव में झाबुआ के विकास एवं सौंदर्यकरण के जो वादे किए गए थे वे धरातल पर कहीं नजर नही आते। नगर पालिका द्वारा पिछले 4 वर्ष कोई काम नही किया गया किंतु चुनाव के कुछ माह पूर्व वार्डों में छोटा-मोटा कार्य कर जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही करवाए जा रहे कार्य में भी भारी भ्रटाचार किया जा रहा है। जनता की गाढ़ी कमाई भी ये नेता पचाने में हिचकिचा नहीं रहे। सांसद भूरिया ने भाजपा के नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के राजगढ़ नाका मित्र मंडल ने धर्म के नाम पर लाखों रुपए का चंदा उगवाया है तथा उसका आज तक आय-व्यय का ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया गया तथा इस चंदे की रकम का दुरूपयोग अपनी राजनीतिक महत्वकांक्षाओं को पूरा करने के लिए किया गया। भूरिया ने नगर पालिका अध्याक्ष की बेनामी संपत्ति एवं उनके साथियों की जांच की भी मांग की। उन्होंने आगे कहा कि नगर की जनता नगर पालिका के कामों से परेशान है। नगर में जनता की सुविधाओं हेतु कोई कार्य नहीं किए। नगर में पार्किंग व्यवस्था नहीं है, सब्जी बाजार स्थायी नही है, और न ही नगर में अवैध कारोबारियों पर कोई नकेल कसी हुई है। बस स्टैंड के पीछे सारे अवैध काम नगर पालिका की नाक के नीचे हो रहें है। इन्हेें भाजपा नेताओं का संरक्षण प्राप्त है। ये नेता इन कामों के बदले बड़ी रकम उगवाई करने में लगे हुए है।
घटिया गुणवत्ता के किए निर्माण कार्य-
सांसद भूरिया ने आगे कहा कि झाबुआ नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में जितने भी निर्माण कार्य विगत 6 माह में हुए है उनका स्तर काफी घटिया है। लोगो की खून पसीने की कमाई जो नगर पालिका में टैक्स के रूप में जमा होती है उन पैसों का जमकर दुरूपयोग हो रहा है। जनता आने वाले चुनाव में एक-एक पाई का हिसाब मांगेगी। नगर पालिका ने इन साढ़े 4 सालों में करोड़ो के काम नहीं करोड़ों रुपए का भ्रष्टाचार किया है। जनता जाग चुकी है और अब एक भी भ्रष्टाचारी नहीं बचेगा। जनता कांग्रेस पार्टी को नगर में उम्मीद भरी निगाह से देख रही है। हम वर्तमान की भ्रष्टााचारी नगर पालिका को उखाड फेंक कर नई ईमानदार नगर पालिका बनाकर लोगो का सपना पूरा करेंगे। भूरिया ने कहा कि अभी तो पोलखोल की यह शुरूआत है अभी पिक्चकर बाकी है। जनता के समक्ष भाजपा की कारगुजारी एवं भ्रष्टाचार का लेखा-जोखा जनता के सामने प्रस्तुत कर कांग्रेस पार्टी भाजपा को पूरी तरह बेनकाब करेगी। भूरिया ने कहा कि कांग्रेस ने जो भी वादे किए उसे पूर्ण किए है एवं जनता को सुविधाएं मुहैया करवाई है जबकि भाजपा अपने किए हुए वादो को भूल जाती है। और नए चुनाव में नए जुमले के साथ जनता को गुमराह करने की कोशिश करती है। जनता अब भाजपा की कथनी व करनी के अंतर को समझ चुकी है। अब आने वाले चुनाव में जनता अपनी कमाई का पूरा हिसाब इनसे मांगेगी। एवं भाजपा को सबक सिखाएगी। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यपक्ष निर्मल मेहता, सांसद प्रतिनिधि एवं नव नियुक्त जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया, पूर्व विधायक वालसिंह मेडा, जिला कांग्रेस प्रवक्ता हर्ष भट्ट, आचार्य नामदेव, लोकसभा युवक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष भूरिया, सेवादल जिला संगठक राजेश भट्ट, शहर कांग्रेस कार्यवाहक अध्येक्ष गौरव सक्सेना, पार्षद रशीद कुरैशी, अविनाश डोडियार, कांग्रेस नेता नाथुभाई ठेकेदार, गोपाल शर्मा आदि कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित थे।