सात बजते ही शुरू हो गया मतदान, कही भारी उत्साह, तो कही धीमा मतदान

- Advertisement -

झाबुआ, हमारे प्रतिनिधिः त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में गुरूवार को जिले के मेघनगर और थांदला जनपद क्षेत्र में मतदान हो रहा है। यह मतदान पांच जिला पंचायत, 37 वार्ड और 128 ग्राम पंचायतों के लिए हो रहा है। मतदान का समय सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक है। पंच और सरपंच के चुनाव के लिए मतों की गिनती का काम मतदान खत्म होने के बाद मतगणना केन्द्र पर ही किया जाएगा। मतदान केन्द्रो के लिए 20 सेक्टर अधिकारी, 20 पुलिस मोबाईल एवं मतदान केन्द्र की सुरक्षा के लिए हर मतदान केन्द्र पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

मेघनगर जनपद पंचायत की 61 एवं थांदला जनपद की कुल 67 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा। साथ ही मेघनगर जनपद के 18 एवं थांदला जनपद के 19 सदस्यों एवं 5 जिला पंचायतों सदस्यों के लिए भी ईव्हीएम के माध्यम से मतदान होगा।

मेघनगर जनपद में कुल 95920 मतदाता है जिसमें 48188 पुरूष 47732 महिला मतदाता शामिल है। थांदला जनपद में कुल 104748 मतदाता है। जिसमें 52426 पुरूष एवं 52322 महिला मतदाता शामिल है।

थांदला के 181 मतदान केन्द्रो पर 995 मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। मेघनगर जनपद के 172 मतदान केन्द्रो पर 946 मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।