घोसलिया मंडल में घोष के साथ निकला पथ संचलन, जगह जगह पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत

May

खच्चरटोडी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के घोसलिया मंडल द्वारा सोमवार को पथ संचलन निकाला गया। इसमें बडा घोसलिया मंडल के अन्तर्गत आने वाले 14 गांवो के स्वयंसेवक घोष पर कदमताल करते हुए गांव में अनुशासित तरीके से निकले।खच्चरटोडी सरस्वती शिशु मंदिर के परिसर में स्वयंसेवकों का पूर्ण गणवेश में एकत्रीकरण हुआ। यहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह खंड कार्यवाह दिनेश पारगी का बोद्धिक हुआ।

सह खंड कार्यवाह ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा इतिहास संघर्षमय होकर विजयशाली रहा है। कई बर्बर आक्रमणों का सामना भी हमारे पूर्वजों ने किया है। आत्म विस्मृत, ओज हीन हो चुके हिंदू समाज को शक्तिशाली व संगठित करने के लिए डॉ. हेडगेवार ने 1925 में विजयादशमी के दिन संघ की शुरुआत की थी। एक छोटा-सा पौधा आज विराट वटवृक्ष बन चुका है। विश्व में आज हिंदू समाज को सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। भारत माता पुनः अपने परम वैभव की ओर लौट रही है। वही 22 जनवरी को अयोध्या में प्रभु श्री राम भव्य राम मंदिर में विराजित होगे। इसी खुशी में 22 जनवरी को देश का हर गांव अयोध्या की तरह सजेगा। पथ संचलन सरस्वती शिशु मंदिर से शुरू होकर खच्चरटोडी ,हनुमान मोहल्ला, लुहारटोडी नया गांव खालसा होते हुए वापस सरस्वती शिशु मंदिर पर समापन हुआ। संचलन मार्ग में ग्रामीणों ने स्वयंसेवकों पर फूल बरसाये। वही प्रशासनिक व्यवस्था की दृष्टि से काफी पुलिस बल उपस्थित रहा।