खंडाला-आलीराजपुर मार्ग बदहाल: गहरे गड्ढों से सफर मुश्किल, हादसों का बढ़ा खतरा

0

विजय मालवी, बड़ी खट्टाली

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्मित खंडाला (आमलिया) से आलीराजपुर तक करीब 12 किलोमीटर लंबा सड़क मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में है। जगह-जगह बने बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी हुई है।

जोबट-खट्टाली से खंडाला तक टू लेन सड़क बनने के बाद यात्रा पहले की तुलना में आसान हो गई है, लेकिन खंडाला से आलीराजपुर तक का हिस्सा जर्जर होने से लोगों को जिला मुख्यालय पहुंचने में अधिक समय लग रहा है। सड़क पर बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों को मजबूरन धीमी गति से सफर करना पड़ रहा है। 

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ग्रामीण अंचलों और जिला मुख्यालय को जोड़ने वाले इस सिंगल लेन मार्ग से रेत, गिट्टी एवं अन्य सामग्री से लदे भारी वाहनों की लगातार आवाजाही होती है। उनका मानना है कि इन वाहनों के दबाव से सड़क तेजी से क्षतिग्रस्त हुई है और समय पर रखरखाव नहीं होने के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से समस्या और गंभीर हो जाती है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए सुरक्षित आवागमन चुनौतीपूर्ण बन जाता है।

क्या कहते हैं अधिकारी

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारी अमित गंगवाल से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा आपके माध्यम से सड़क की खराब स्थिति की जानकारी मिली है। संबंधित ठेकेदार को पेचवर्क एवं मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए जाएंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.