आलीराजपुर। ज़िला मुख्यालय पर शनिवार सुबह सैकडों नागरिक अपने हाथों में तिरंगा थामकर राष्ट्रभक्ति के नारे लगाते हुए तिरंगा पैदल मार्च में निकले। तिरंगा मार्च जिस भी मार्ग से गुजरा जो जहां था वहीं थम गया। तिरंगा मार्च शनिवार सुबह टंकी मैदान आलीराजपुर से निकला।
देशभक्ति के तराने का संगीत बजते वाहन और सैकडों हाथों में तिरंगा थामे जनप्रतिनिधिगण, धार्मिक एवं आध्यामिक संगठनों के प्रतिनिधिगण, नागरिकगण, व्यापारी वर्ग, समाजसेवी, विभिन्न समाज के पदाधिकारीगण, अधिकारी-कर्मचारीगण, युवा आदि तिरंगा पैदल मार्च में सम्मिलित हुए और जिलेवासियों से आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित होने वाले स्वतंत्रता सप्ताह एवं हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय सहभागिता हेतु जन जागरण किया। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत स्वतंत्रता सप्ताह के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान हेतु जिलेभर में विभिन्न आयोजन किये जा रहे है। इसी के तहत आज अलीराजपुर में तिरंगा पैदल मार्च का आयोजन हुआ। तिरंगा पैदल मार्च का नेतृत्व कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह एवं विधायक अलीराजपुर क्षेत्र के विधायक मुकेश पटेल ने किया।
