वीरेंद्र बसेर, घुघरी

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को विकासखंड पेटलावद के ग्राम करवड़ में जन-विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया की अध्यक्षता में हुए इस शिविर में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार और जनपद पंचायत अध्यक्ष रमेश सोलंकी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

मंत्री निर्मला भूरिया ने विभिन्न विभागों की स्टॉलों का निरीक्षण कर नागरिक सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सुशासन के माध्यम से वंचित वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और सभी वर्गों का सर्वांगीण विकास करना है। जिले में जल संकट को देखते हुए उन्होंने किसानों से कम पानी वाली फसलें अपनाने और आमजन से पानी का अपव्यय रोकने की अपील की। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने बताया कि कम वर्षा और अल नीनो के प्रभाव के कारण जल प्रबंधन बेहद जरूरी है। जल उपयोग में सबसे पहले पेयजल, फिर पशुओं और इसके बाद कृषि को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने किसानों से रबी सीजन में कम पानी वाली फसलें बोने और सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली अपनाने को कहा।

कलेक्टर ने जानकारी दी कि तलवाड़ा डैम में 25 एमसीएम जल आरक्षित रखने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिससे खवासा और बामनिया क्षेत्र के गांवों को लाभ मिलेगा। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दिव्यांग प्रमाण-पत्र, आधार सुधार, ई-केवाईसी और मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत मौके पर ही सेवाएं दी गईं। इसके अलावा, उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि आपसी विवाद के चलते छात्रावास के विद्यार्थियों को उकसाने या शैक्षणिक माहौल खराब करने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई की जाएगी।  पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार ने साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए अनजान व्यक्तियों से गोपनीय जानकारी साझा न करने और विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों को जागरूक करने की अपील की। उन्होंने विवाह समारोहों में डीजे के स्थान पर पारंपरिक वाद्य यंत्रों के उपयोग का आग्रह किया और बाल विवाह रोकने के लिए संचालित ‘ऑपरेशन मर्यादा’ की जानकारी दी।

जनपद पंचायत अध्यक्ष रमेश सोलंकी ने कहा कि माही डैम के निर्माण से क्षेत्र के विकास को गति मिली है। शिविर में जिला पंचायत सीईओ जितेन्द्रसिंह चौहान, पेटलावद एसडीएम रीतिका पाटीदार सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *