जोबट। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोबट, जिला अलीराजपुर में 26 नवंबर संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के अंतर्गत संविधान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, संवैधानिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जी.एल. चौहान द्वारा किया गया। उन्होंने भारतीय संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित सभी लोगों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है तथा प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के मूल्यों का पालन करना चाहिए।

इस अवसर पर डॉ. शैलेन्द्र सिंह सिसोदिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि संविधान सभी नागरिकों के लिए समान विधान है तथा यह हमारे भविष्य की दिशा निर्धारित करता है। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना का अर्थ एवं महत्व समझाते हुए संविधान से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताओं का उल्लेख किया। साथ ही डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा समिति का संदर्भ देते हुए मौलिक कर्तव्यों के महत्व तथा शिक्षा का अधिकार अधिनियम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक रहने और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता में महाविद्यालय की छात्राओं तनीषा भंवर, रोशनी डुडवे, शीला बामनिया एवं लीलम डामोर ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए प्रश्न मंच एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा अपनी रचनात्मकता एवं संवैधानिक विषयों की समझ का परिचय दिया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के विभिन्न पहलुओं को जानने और समझने का अवसर प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. गुमान सिंह मुजाल्दा ने किया। अंत में प्रो. दिलीप सिंह राठडिया जी ने आभार व्यक्त करते हुए भारतीय संविधान के निर्माण, संशोधन की प्रक्रिया तथा वर्तमान जीवन में संविधान की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने वाला महत्वपूर्ण आधार है।

इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त विद्यार्थीयो के साथ प्रो. प्रेमसिंह चौहान, प्रो. ईगुसिंह चौहान, प्रो.निर्भय सिंह डुडवे प्रो. कमलेश यादव, प्रो. अनीता चौहान, प्रो.शिवानी सैते, एवं प्रो.राजू ओसारी मैडम सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना विकसित करने, लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने तथा अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदारी की भावना जागृत करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *