लोहित झामर, मेघनगर बाबा श्री खाटू श्याम जी की भक्ति और भजनों से सराबोर ‘एक शाम खाटू वाले के नाम’ भव्य भजन संध्या का आयोजन मंगलवार को रंभापुर स्थित बरमंडलिया मोहल्ले में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। रात्रि 8 बजे से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्याम प्रेमियों एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं ने शामिल होकर बाबा श्याम के दरबार में अपनी हाजिरी लगाई। भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायिका निकिता सिंधारे (मनावर) एवं भजन गायक विशाल अग्निहोत्री (उज्जैन) ने बाबा खाटू श्याम के एक से बढ़कर एक मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके भजनों पर श्याम प्रेमी देर रात तक झूमते और कीर्तन का आनंद लेते नजर आए। ‘हर के सहारे आज तेरा दास पुकारे’ सहित अनेक लोकप्रिय भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के दौरान बाबा श्याम की ज्योत प्रज्वलित की गई तथा बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया गया। ज्योत के माध्यम से श्रद्धालुओं ने बाबा के समक्ष अपनी मनोकामनाएं रखीं और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। वहीं, दरबार सेवा में प्रवीण म्यूजिकल ग्रुप एवं अहमद बोला ने अपनी सेवाएं देकर आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया। पूरा आयोजन ‘करने वाला श्याम, कराने वाला श्याम’ की भावना के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के निवेदक ईश्वरसिंह बरमंडलिया, भूपेन्द्र बरमंडलिया, उमेश बरमंडलिया एवं मनोहर जाटवा रहे। आयोजन के सफल एवं भव्य संपन्न होने पर बरमंडलिया परिवार ने समस्त श्याम प्रेमियों एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। Post navigation मेघनगर में गोर बंजारा समाज ने धूमधाम से मनाया गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व, भव्य भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण की लंगर प्रसादी