लोहित झामर, मेघनगर

दीपावली पर्व को देखते हुए आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में नगर के मंडी प्रांगण में लगाई गई पटाखा दुकानों का एसडीएम अवनधती प्रधान एवं तहसीलदार विजयकांत पांडे ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंडी परिसर में संचालित सभी 16 पटाखा दुकानों का बारीकी से जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों पर सुरक्षा संबंधी कमियां पाए जाने पर अधिकारियों ने दुकानदारों को तत्काल आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से दुकानों के आसपास रखे बिजली के वायर के गुच्छों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने तथा कनात, कपड़े एवं अन्य ज्वलनशील सामग्री को हटाने की हिदायत दी गई, ताकि किसी भी प्रकार की आगजनी या अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके।

एसडीएम एवं तहसीलदार ने सभी दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पटाखों के भंडारण एवं बिक्री के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दुकानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य दीपावली के त्योहार को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना है। संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम और आम नागरिकों के साथ ही दुकानदारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *