आलीराजपुर। समाज में होने वाले छोटे-मोटे विवादों को आपसी बातचीत, समझाइश और मध्यस्थता के जरिए सुलझाकर शांति एवं सद्भाव बनाए रखने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पहल की जा रही है। इसके तहत समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों को सामुदायिक मध्यस्थता का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे अपने सामाजिक प्रभाव और अनुभव के माध्यम से लोगों के बीच उत्पन्न विवादों को न्यायालय तक पहुंचने से पहले ही आपसी सहमति से सुलझाने में मदद कर सकें।

इसी उद्देश्य से मप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार 31 अक्टूबर को एडीआर भवन आलीराजपुर में तीन दिवसीय सामुदायिक मध्यस्थता प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई, यह प्रशिक्षण 2 नवंबर तक चलेगा। प्रशिक्षण का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोज कुमार मंडलोई, सहायक प्रशिक्षक एवं प्रधान जिला न्यायाधीश बुरहानपुर विधि सक्सेना तथा सीनियर प्रशिक्षक जबलपुर शाहिद मोहम्मद ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पूजन एवं माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया। तीन दिवसीय कार्यक्रम में जिले के विभिन्न समाजों के प्रतिष्ठित व्यक्तियों को सामुदायिक मध्यस्थता के विभिन्न पहलुओं, विवादों की पहचान, संवाद और आपसी सहमति से समाधान निकालने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रधान जिला न्यायाधीश मंडलोई ने कहा कि सामुदायिक मध्यस्थता समाज में शांति, सद्भाव और आपसी विश्वास स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कई विवाद आपसी संवाद की कमी, गलतफहमी या छोटे-छोटे मतभेदों के कारण उत्पन्न होते हैं। इन्हें समय रहते समझाइश और सकारात्मक बातचीत के जरिए सुलझाया जा सकता है। इसमें समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों की भूमिका अहम है। वे अपने अनुभव, सामाजिक प्रतिष्ठा और जनसंपर्क के माध्यम से लोगों को विवादों का शांतिपूर्ण समाधान अपनाने के लिए प्रेरित कर सकते हैं। कार्यक्रम में प्रथम जिला न्यायाधीश नंदराम परमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आरपी सेवेतिया, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्योत्सना आर्य, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जय पाटीदार, व्यवहार न्यायाधीश अनुराग सिंह सुमन, व्यवहार न्यायाधीश अंशुल चंद्रा, जेएमएफसी आंचल जायसवाल, जिला विधिक सहायता अधिकारी शक्ति रावत, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल राजेश राठौर सहित जिले के विभिन्न समाजों के प्रतिष्ठित व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *