लोहित झामर, मेघनगर मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल फुटतालाब में आयोजित नवरात्रि महोत्सव के चौथे दिन आस्था, भक्ति और उत्साह का ऐसा अद्भुत संगम देखने को मिला कि गरबा पंडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। मां की आराधना और गरबा रास में शामिल होने के लिए क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों के साथ ही नगरीय क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। जन-जन की आस्था का केंद्र बन चुके फुटतालाब में उमड़े जनसैलाब के सामने पंडाल छोटा पड़ता दिखाई दिया। युवाओं का जोश, मातृशक्ति की भक्ति और चारों ओर लहराते केसरिया ध्वजों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। फुटतालाब स्थित वनेश्वर मारुति नंदन हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित इस भव्य नवरात्रि महोत्सव में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। चौथे दिन गुजरात से आए कलाकारों के साथ स्थानीय ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों के गरबा दलों ने भी उत्साहपूर्वक गरबा किया। मां की महाआरती के पश्चात जैसे ही गरबा रास का शुभारंभ हुआ, पूरा परिसर भक्ति और उल्लास से गूंज उठा। श्रीकृष्ण भजनों ‘मैं ग्वाल गोकुल को, तू ग्वालन गोकुल की’ और ‘नंद में आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूम उठे। इसके बाद गुजरात के पारंपरिक गरबों ने समां बांध दिया। केसरिया ध्वजों के साथ गुजरात के विक्की ग्रुप ने बांधा समां गुजरात से आए विक्की ग्रुप के कलाकारों ने पारंपरिक गरबों की शानदार प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। केसरिया ध्वजों के साथ गरबा करते कलाकारों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पारंपरिक वेशभूषा, गरबा की लयबद्ध प्रस्तुतियों और भक्तिमय संगीत ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। श्रद्धालुओं ने गुजरात के कलाकारों की प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की। वहीं, जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंची मातृशक्ति ने भी पूरे भक्ति भाव के साथ गरबा किया। गरबा पंडाल में उमड़ी भीड़ और युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि नई पीढ़ी में भी सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सामूहिक उत्सवों के प्रति गहरी आस्था है। कपिल रास गरबा ग्रुप को मिला प्रोत्साहन पुरस्कार गरबा महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन और आकर्षक पारंपरिक वेशभूषा के लिए कपिल रास गरबा ग्रुप, थांदला रोड को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रदेश के समाजसेवी पप्पू भैया, रिंकू भैया एवं पप्पू भैया मित्र मंडल के सदस्य हरिराम गिरधानी, आनंदीलाल पडियार, दिनेश बैरागी और देवेंद्र जैन ने गरबा दल का उत्साहवर्धन करते हुए पुरस्कार प्रदान किया। इस पहल का उद्देश्य गरबा परंपरा को प्रोत्साहित करना और ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना रहा। युवाओं की भागीदारी ने बढ़ाई आयोजन की भव्यता आयोजन समिति के सदस्य जैकी जैन, अर्चित सोनी, हितेश चोरड़िया और हार्दिक कोठारी ने महोत्सव में युवाओं की बढ़ती भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने आयोजन में पहुंचकर धार्मिक उत्सव की गरिमा बढ़ाने वाले सभी श्रद्धालुओं का आभार माना। साथ ही अधिक से अधिक युवाओं से फुटतालाब पहुंचकर नवरात्रि महोत्सव में सहभागी बनने की विनम्र अपील की। फुटतालाब का यह नवरात्रि महोत्सव अब केवल गरबा आयोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि धर्म, संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक बनकर उभर रहा है। चौथे दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और युवाओं के उत्साह ने यह साबित कर दिया कि सनातन संस्कृति के प्रति आस्था आज भी जनमानस में पूरी ऊर्जा के साथ विद्यमान है। मां की भक्ति में झूमते श्रद्धालुओं और केसरिया ध्वजों से सजे परिसर ने फुटतालाब की नवरात्रि की रौनक को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया। Post navigation पारदर्शिता, समर्पण, सेवा भावना से धर्म संघ को और मजबूत बनाने का संकल्प ले