आंगन मिलन सेवा से आंगनवाड़ी केंद्रों में दिखी जनभागीदारी की तस्वीर

0

लोहित झामर, मेघनगर

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिलेभर के आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयोजित किए जा रहे ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के तहत मेघनगर परियोजना के रानू कॉलोनी आंगनवाड़ी केंद्र में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं ग्रामीणों ने सहभागिता की। इस दौरान आंगनवाड़ी केंद्र की गतिविधियों का अवलोकन करते हुए बच्चों एवं महिलाओं से सीधे संवाद किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात केंद्र परिसर में पौधारोपण, बच्चों को फल एवं मिठाई वितरण सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं द्वारा महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनका सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान गोद भराई की रस्म भी विधिवत संपन्न कराई गई। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा गर्भावस्था के दौरान आवश्यक सावधानियों को लेकर जानकारी दी गई।

जनभागीदारी से मजबूत हो रही आंगनवाड़ी व्यवस्था

‘आंगन मिलन सेवा’ का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को जनभागीदारी से जोड़ते हुए शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं प्रारंभिक विकास के प्रति जागरूक किया गया।

एसडीएम एवं जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों से संवाद करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान देने तथा आंगनवाड़ी केंद्रों की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में एसडीएम अवन्धती प्रधान, भाजपा जिला उपाध्यक्ष आरती भानपुरिया, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपमाला बामनिया, मुकेश मेहता, भाविक बारोट, परियोजना अधिकारी राखी बारिया, सेक्टर पर्यवेक्षक अर्चना सांकते सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र परिसर में उत्साह एवं सकारात्मक वातावरण देखने को मिला। जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की सहभागिता से आंगनवाड़ी केंद्रों को शासन की योजनाओं के साथ-साथ जनभागीदारी का मजबूत मंच बनाने का संदेश दिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.