सड़क निर्माण की घटिया गुणवत्ता पर सवाल; पंचायत ने लिया संज्ञान, पत्र लिख जांच की मांग

0

अर्पित चोपड़ा खवासा 

जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूरे गांव में डाली गई पाइप लाइन के बाद हुए रोड निर्माण की गुणवत्ता सवालों के घेरे में है। दरअसल पीएचई विभाग द्वारा ठेकेदार के माध्यम से करवाए गए इस कार्य को लेकर ग्राम में काफ़ी असंतोष दिखाई दे रहा है। पाइप लाइन और नल कनेक्शन तक तो ग्रामीण संतुष्ट दिखाई दिए किंतु नवनिर्मित रोड ने लोगों की समस्या को दूर करने की बजाय और बढ़ा दिया।

उल्लेखनीय है कि रोड निर्माण होने के मात्र 2 महीने में ही सड़क की गिट्टी उखड़ने लगी है और वाहनो के आवागमन से सीमेंट के गुब्बार उड़ रहे है। ग्रामीणों द्वारा लगातार लगाए जा रहे घटिया निर्माण कार्य के आरोप पर अब ग्राम पंचायत खवासा ने भी संज्ञान लेते हुए विभाग को निर्माण और सामग्री की गुणवत्ता की जाँच के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग थांदला को पत्र लिखा है।

दरअसल पूरा कार्य पीएचई विभाग ने ठेकेदार के मार्फ़त करवाया है किंतु उड़ती सीमेंट और उखड़ी गिट्टी से परेशान लोग जानकारी के अभाव में पंचायत को दोषी ठहरा रहे हैं।

पंचायत ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए और ग्रामीणों की शिकायत पर मोहर लगाते हुए पत्र में लिखा कि सड़क बनने के एक सप्ताह में ही गिट्टी उखड़ने लगी है एवं धूल (सीमेंट) उड़ रही है जिससे ग्रामवासी परेशान हो रहे हैं। पत्र में पंचायत की ओर से आरोप लगाते हुए लिखा है कि ठेकेदार द्वारा किए गए निर्माण में आपके विभाग ने मटेरियल की कोई जांच नहीं की। पंचायत ने लिखा कि पीएचई के द्वारा किए गए कार्य के लिए लोग पंचायत को दोषी बता रहे है। इसलिए सड़क निर्माण की जांच कर स्थिति ग्रामवासियों के समक्ष स्पष्ट की जाए।

इस संबंध में ग्राम पंचायत सचिव कांतिलाल परमार ने बताया कि पूरा कार्य पीएचई विभाग द्वारा ठेकेदार से करवाया गया है। कार्य की मॉनिटरिंग भी विभाग के जिम्मे थी। इस पूरे कार्य में पंचायत की कोई भूमिका नहीं है। उड़ती धूल और आ रही शिकायतों से पंचायत भी परेशान है। पंचायत ग्रामवासियों की समस्याओं के निराकरण के लिए कटिबद्ध है। जाँच हेतु विभाग को पत्र लिखा गया है।

इस संबंध में पीएचई इंजीनियर कुसुम का पक्ष जानने के लिए फ़ोन लगाया किंतु उनका फ़ोन नो रिप्लाई हुआ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.