जन कल्याण शिविर: कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, चंद्रशेखर आजाद नगर की समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग

0

​चंद्रशेखर आजाद नगर

कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित मुख्यमंत्री जन कल्याण शिविर में पहुंचीं जिला कलेक्टर को भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं नगर परिषद उपाध्यक्ष नारायण अरोड़ा ने नगर की विभिन्न गंभीर जनसमस्याओं और विकास कार्यों को लेकर अलग-अलग ज्ञापन सौंपे तथा शीघ्र समाधान की मांग की।

​यातायात सुधार व भारी वाहनों पर प्रतिबंध: नगर के मुख्य बाजारों और स्कूलों के आसपास ट्रकों, डंपरों व भारी वाहनों के कारण जाम और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इस हेतु भारी वाहनों के प्रवेश पर समयबद्ध प्रतिबंध लगाने, वैकल्पिक बायपास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था और प्रमुख चौराहों पर नो-एंट्री व गति सीमा के बोर्ड लगाने की मांग की गई।

​कन्या विद्यालय मार्ग पर स्टंटबाजी पर रोक: बैरियर से कन्या विद्यालय मार्ग पर स्कूल समय में असामाजिक तत्वों की आवारागर्दी, नाबालिगों द्वारा तेज रफ्तार बाइक चलाने और खतरनाक स्टंटबाजी से छात्राओं की सुरक्षा को खतरा है। इसके समाधान के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने, नियमित चेकिंग और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग रखी गई।

​चंद्रशेखर आजाद उद्यान का निर्माण: अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली में माननीय मुख्यमंत्री द्वारा घोषित “चंद्रशेखर आजाद उद्यान” का कार्य अब तक शुरू न होने पर ध्यानाकर्षण कराया गया। भूमि, स्वीकृति और बजट की समीक्षा कर इसका निर्माण शीघ्र प्रारंभ करने का अनुरोध किया गया।

​सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध: नगर में प्रदूषण नियंत्रण हेतु डिस्पोजेबल कप, ग्लास, प्लेट और प्लास्टिक कैरी बैग के उपयोग पर रोक लगाने, प्रतिष्ठानों की जांच कर चालानी कार्रवाई करने तथा कपड़े के थैलों के प्रयोग को बढ़ावा देने की मांग की गई।

​कलेक्टर ने सभी बिंदुओं पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित जांच और उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.