कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने कहा—हर पात्र व्यक्ति को मिले शासन की योजनाओं का लाभ, शिविर में प्राप्त समस्याओं का होगा प्राथमिकता से निराकरण

0

फिरोज खान, चंद्रशेखर आजाद नगर

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के तहत चंद्रशेखर आजाद नगर के कृषि मंडी परिसर में अभियान के चौथे शिविर का आयोजन किया गया । शिविर को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा है कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। यदि किसी कारणवश किसी व्यक्ति को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है तो वह संबंधित विभाग के अधिकारी से संपर्क कर अपनी समस्या का निराकरण करा सकता है। उन्होंने कहा कि शिविर में किसी समस्या का निराकरण नहीं हो पाता है तो उसे जिला स्तर पर बैठकर हल किया जाएगा। जिला स्तर पर भी समाधान नहीं होने पर संभाग स्तर तथा आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में भोपाल स्तर पर समस्या का निराकरण किया जाएगा।

जनवरी 2027 तक गांव-गांव आयोजित होंगे शिविर

कलेक्टर नीतू माथुर ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक नागरिक को शासकीय योजनाओं का लाभ सीधे उसके घर तक पहुंचे। किसी योजना का लाभ लेने या समस्या के निराकरण के लिए नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का यथासंभव घर बैठे निराकरण हो, इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविरों का आयोजन अलग-अलग क्लस्टरों के माध्यम से जनवरी 2027 तक जिले के प्रत्येक गांव के लिए किया जाएगा। शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं और लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। इस शिविर में नगर परिषद चंद्रशेखर आजाद नगर के 77, महिला एवं बाल विकास विभाग के 01, खनिज विभाग के 01, राजस्व विभाग के 03, विद्युत विभाग के 03, लोक निर्माण विभाग के 01, शिक्षा विभाग के 02 तथा पुलिस विभाग के 02 आवेदन प्राप्त हुए। इस प्रकार कुल 90 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 23 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत संघमित्रा गौतम , अपर कलेक्टर  सोहन कनाश , पूर्व विधायक माधु सिंह डावर ,समस्त विभाग प्रमुख सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.