असली भूमि मालिक की जगह फर्जी विक्रेता बनकर रजिस्ट्री कराने वाला आरोपी गिरफ्तार, दो अन्य आरोपी भी पकड़े गए

0

पेटलावद । पुलिस ने मकना गणावा की भूमि की कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर फर्जी रजिस्ट्री कराने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मामले में आवेदक मकना पिता मडिया गणावा, निवासी पिपलीपाड़ा माण्डन द्वारा पुलिस अधीक्षक महोदय के समक्ष जनसुनवाई में शिकायत क्रमांक PG/1699/2025 दिनांक 23.12.2025 प्रस्तुत की गई थी। शिकायत की जांच में सामने आया कि ग्राम माण्डन, पटवारी हलका क्रमांक 23, सर्वे क्रमांक 1565, रकबा 0.35 की भूमि की फर्जी रजिस्ट्री कराई गई थी।

जांच में पाया गया कि आरोपियों द्वारा षड्यंत्रपूर्वक एवं छल-कपट के उद्देश्य से मकना गणावा के वोटर कार्ड में कूटरचना की गई। उसके वास्तविक फोटो के स्थान पर माला गणावा का फोटो लगाकर, माला गणावा को मकना का फर्जी रूप बनाकर उक्त भूमि की धोखाधड़ीपूर्वक रजिस्ट्री कराई गई।

प्रकरण में डॉ. नरसिंह डाबी निवासी मोहनपुरा, हाल CHC पेटलावद, प्रताप गामड निवासी बनी एवं माला गणावा निवासी बनी के विरुद्ध थाना पेटलावद में अपराध क्रमांक 68/2026, धारा 318(4), 338, 336(3), 61(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

अनुसंधान के दौरान मुख्य आरोपी डॉ. नरसिंह डाबी की उसके घर, गांव तथा इंदौर और रतलाम सहित संभावित स्थानों पर तलाश की गई, लेकिन वह घटना दिनांक से ही फरार पाया गया। आरोपी की संपत्ति का पता लगाकर कुर्की हेतु कार्यवाही की जा रही है।

प्रकरण की विवेचना के दौरान फर्जी रजिस्ट्री कराने की साजिश में संलिप्त पाए गए माला पिता देवा गणावा, उम्र 70 वर्ष, निवासी बनी, थाना रायपुरिया; यश उर्फ यशोदीप पिता कमलसिंह ठाकुर, उम्र 30 वर्ष, निवासी पेटलावद; एवं बंटी उर्फ आशाराम पिता हरिराम भूरिया, उम्र 33 वर्ष, निवासी बैंगनबर्डी को पुलिस टीम द्वारा दिनांक 14.08.2026 को उनके निवास पर दबिश देकर पकड़ा गया।

पूछताछ में आरोपियों द्वारा षड्यंत्रपूर्वक मकना गणावा के वोटर कार्ड में कूटरचना कर उसकी फोटो के स्थान पर माला गणावा का फोटो लगाने तथा मकना की भूमि की फर्जी रजिस्ट्री कराने में शामिल होना स्वीकार किया गया। अपराध स्वीकार किए जाने पर आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

माला पिता देवा गणावा, उम्र 70 वर्ष, निवासी बनी, थाना रायपुरिया

यश उर्फ यशोदीप पिता कमलसिंह ठाकुर, उम्र 30 वर्ष, निवासी पेटलावद

बंटी उर्फ आशाराम पिता हरिराम भूरिया, उम्र 33 वर्ष, निवासी बैंगनबर्डी

Leave A Reply

Your email address will not be published.