सोंडवा में निकली भव्य तिरंगा वाहन यात्रा, राष्ट्रभक्ति के नारे गूंजे

0

शिवा रावत, सोंडवा

आजादी के गौरवशाली पर्व के उपलक्ष्य में बुधवार, 12 अगस्त 2026 को सोण्डवा में भव्य तिरंगा वाहन यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ तहसील कार्यालय, सोण्डवा से हुआ। बड़ी संख्या में युवाओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं राष्ट्रप्रेमियों ने बाइक के साथ यात्रा में सहभागिता की।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हजरीबाई खरत, भाजपा जिला उपाध्यक्ष जयपालसिंह खरत, सोंडवा जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेवली उसान गरासिया, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष विक्रम सिंह भयडिया, मंडल अध्यक्ष प्रदीप सोलंकी सहित एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हाथों में तिरंगा लेकर निकले यात्रा के प्रतिभागियों ने पूरे मार्ग में राष्ट्रभक्ति, देशप्रेम और एकता का संदेश दिया। तिरंगा वाहन यात्रा सोण्डवा से उमराली होते हुए छकतला पहुंची, जहां से यात्रा बखतगढ़ के लिए रवाना हुई। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।

यात्रा के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से पूरा मार्ग राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। युवाओं में तिरंगा यात्रा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

तिरंगा यात्रा का समापन समारोह बखतगढ़ में आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने देश की एकता, अखंडता और तिरंगे के सम्मान को सदैव बनाए रखने का संकल्प लिया। यात्रा ने क्षेत्र में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.