14 साल पुराने कथित प्रेम संबंध ने लिया खूनी मोड़

0

शान ठाकुर, पेटलावद

नगर की अटल बस्ती में शनिवार देर रात हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। करीब 14 वर्ष पुराने कथित प्रेम संबंध के विवाद ने ऐसा हिंसक रूप लिया कि बीच-बचाव करने पहुंचे हरिराम गोमाजी सिर्वी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला ने पुलिस को दिए बयान में सरदारपुर जनपद अध्यक्ष के पति देवा सिंगार और उसके साथियों पर घर में घुसकर हमला करने, बेरहमी से मारपीट करने, नग्न कर अपमानित करने, जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने तथा पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

*देर रात दिया वारदात को अंजाम, आसपास के लोग नही कर पाए मदद -*

पुलिस के अनुसार शनिवार देर रात राजगढ़ क्षेत्र के कुछ लोग महिला के घर पहुंचे। मुख्य दरवाजा नहीं खुलने पर वे कथित रूप से पीछे के रास्ते से घर में दाखिल हुए और घर में रखी लकड़ी की मोगरी तथा डंडों से हमला कर दिया। महिला को बचाने आए हरिराम गोमाजी सिर्वी पर भी कथित रूप से ताबड़तोड़ वार किए गए। गंभीर रूप से घायल हरिराम की रविवार सुबह उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

 *महिला का आरोप – 14 साल तक रहे संबंध, नौकरी भी छुड़वाई* 

घायल महिला ने पुलिस को बताया कि मुख्य आरोपी देवा के साथ उसके लगभग 14 वर्षों तक प्रेम संबंध रहे। वह पहले आंगनवाड़ी में कार्यरत थी, लेकिन शादी का भरोसा देकर उसकी नौकरी छुड़वा दी गई। लगभग एक वर्ष पहले उसने आरोपी से दूरी बना ली, जिसके बाद विवाद लगातार बढ़ता गया। महिला का कहना है कि उसकी एक बेटी की शादी धुलेट गांव में हुई है और उसी माध्यम से उसकी पहचान हरिराम से हुई थी। हरिराम उसका सहयोग कर रहे थे, जिससे आरोपी नाराज था।

*नग्न कर मारपीट और वीडियो बनाने का आरोप -*

महिला ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसके और हरिराम के कपड़े उतरवाकर दोनों के साथ बेरहमी से मारपीट की तथा शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाया। पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो की सत्यता और परिस्थितियों की पुलिस जांच कर रही है।

*परिजनों का दावा – पहले धमकी, फिर हमला -*

मृतक के परिजनों ने घटना से पहले आरोपी उनके धुलेट स्थित घर पहुंचे थे और जान से मारने की धमकी देकर लौट गए थे। रविवार सुबह अस्पताल से सूचना मिलने पर परिवार पहुंचा तो हरिराम की मृत्यु हो चुकी थी। धुलेट में देवा सिंगार द्वारा किये गए हंगामे ओर विवाद की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई गई है।

 *राजगढ़ थाने पर प्रदर्शन*

हरिराम की मौत के बाद सिरवी समाज और परिजन राजगढ़ थाने पहुंचे। उन्होंने शव रखकर धरना-प्रदर्शन किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

 *हत्या सहित गंभीर धाराओं में केस* 

पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर मुख्य आरोपी देवा सिंगार एवं उसके साथियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 115(2), 351(2), 3(5) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।

मामले में सोमवार सुबह 11 बजे पेटलावद क्षत्रिय सिर्वी समाज द्वारा एकत्रित होकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौपा जाएगा और मुख्य आरोपी सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाई की मांग की जाएगी। सिर्वी समाजजन श्री आईमाताजी मंदिर से पैदल मार्च करते हुए तहसील कार्यालय पहुचेंगे जंहा ज्ञापन सौपा जाएगा।

 *घटनाक्रम एक नजर में* 

देर रात घर में घुसने का आरोप।

महिला और हरिराम पर हमला।

हरिराम की इलाज के दौरान मौत।

नग्न कर मारपीट और वीडियो बनाने का आरोप।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल।

राजगढ़ में शव रखकर थाने के बाहर प्रदर्शन।

हत्या सहित गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज।

आरोपियों की तलाश जारी।

*पुलिस की कार्यवाई तेज -*

वही पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर विवेचना आगे बढ़ रही है। जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम तथ्य स्पष्ट होंगे। हालांकि पुलिस ने नामजद लोगो को चयनित कर लिया है जो की विवेचना का हिस्सा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.