आलीराजपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष संतोष मकू परवाल तथा भाजपा जिला मीडिया प्रभारी एवं विधायक प्रतिनिधि गोविंद गुप्ता, मंडल महामंत्री राजेश गुप्ता के साथ विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत शेषशाई आचार्य मंदिर से हुई, जहां सभी ने भगवान लक्ष्मी व्यंकटेश की की विधिवत आरती में भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार और भक्तिमय वातावरण के बीच भगवान का पूजन अर्चन कर जिले की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की गई। इसके पश्चात गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरु पूजन कर गुरु-शिष्य परंपरा का सम्मान किया गया। मंत्री श्री चौहान ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान भगवान से भी ऊंचा माना गया है। गुरु ही ज्ञान, संस्कार और जीवन को सही दिशा देने का कार्य करते हैं, इसलिए गुरु पूर्णिमा का पर्व भारतीय संस्कृति की महान परंपराओं का प्रतीक है।
