अणु पब्लिक स्कूल, थांदला में छात्रसंघ गठन समारोह का भव्य आयोजन

0

थांदला। अणु पब्लिक स्कूल, थांदला में दिनांक 21 जुलाई 2026 को छात्रसंघ गठन समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में श्री कालूसिंह भूरिया (भूतपूर्व पीटीआई) एवं श्री जगत शर्मा (पीटीआई) उपस्थित रहे। विद्यालय के संचालक हर्ष गादिया द्वारा मुख्य अतिथियों का पुष्पहार एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य प्रमोद नायर एवं संध्या नायर भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ छात्रसंघ की भव्य परेड से हुआ। विद्यालय के छात्रसंघ द्वारा प्रस्तुत अनुशासित परेड का संचालन अजिसन सर के निर्देशन में किया गया। विद्यार्थियों ने आकर्षक बैंड की धुनों के साथ अनुशासन, एकता एवं नेतृत्व का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

परेड के उपरांत मुख्य अतिथियों, विद्यालय संचालकों एवं प्राचार्य द्वारा मशाल प्रज्वलित कर समारोह का औपचारिक शुभारंभ किया गया। मशाल प्रज्ज्वलन के माध्यम से विद्यार्थियों को ज्ञान, अनुशासन, नेतृत्व एवं राष्ट्रसेवा की भावना का संदेश दिया गया।

इसके पश्चात विद्यालय के हेड बॉय प्रियांश धनक ने नवगठित छात्रसंघ के सभी पदाधिकारियों को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, निष्ठा एवं अनुशासन के साथ निर्वहन करने की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर श्री जगत शर्मा (पीटीआई) ने अपने आशीर्वचन में विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि एक सच्चा छात्र नेता वही होता है जो अपने आचरण से दूसरों के लिए आदर्श प्रस्तुत करे।

विद्यालय के संचालक हर्ष गादिया ने नव-निर्वाचित छात्रसंघ को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि छात्रसंघ विद्यालय और विद्यार्थियों के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करता है तथा विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करता है।

प्राचार्य प्रमोद नायर एवं संध्या नायर ने सभी छात्र प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए उन्हें विद्यालय की गरिमा बनाए रखने एवं अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ पालन करने के लिए प्रेरित किया।

इस समारोह को सफल बनाने में विद्यालय के खेल प्रशिक्षकों स्वप्निल मैड़ा, जिग्नेश बामनिया, मनसिंह पंवार, विशाल बारिया, विक्रम सर एवं संजय सर का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा।

कार्यक्रम के अंत में हेड गर्ल हर्षिता जैन ने सभी मुख्य अतिथियों, संचालक मंडल, प्राचार्य, शिक्षकगण एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया। तत्पश्चात सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया, जिसके साथ समारोह का गरिमापूर्ण समापन हुआ।

विद्यालय परिवार ने सभी नव-निर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने नेतृत्व, अनुशासन एवं सेवा भावना से विद्यालय का नाम सदैव गौरवान्वित करेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.