7 स्कूलों का औचक निरीक्षण, कम छात्र उपस्थिति पर बीआरसीसी सख्त…. अनुपस्थित शिक्षकों को भी थमाए नोटिस 

0

शान ठाकुर,पेटलावद

कलेक्टर योगेश तुकाराम भरसट के निर्देश एवं जिला पंचायत सीईओ जितेन्द्र चौहान के मार्गदर्शन में सोमवार को खंड स्रोत समन्वयक (बीआरसीसी) रेखा गिरि स्वामी ने सारंगी एवं बरवेट संकुल अंतर्गत सात शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति अपेक्षा से कम पाई गई, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए शाला प्रमुखों को पालकों से नियमित संपर्क कर विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विद्यार्थियों की अपार आईडी शीघ्र शत-प्रतिशत पूर्ण करने के लिए भी निर्देशित किया।

निरीक्षण के दौरान शासकीय माध्यमिक विद्यालय सारंगी में 82 में से 58 विद्यार्थी उपस्थित मिले। विद्यालय भवन जर्जर होने के कारण बरसात के मौसम तक विद्यार्थियों की कक्षाएं छात्रावास के खाली भवन में संचालित करने के निर्देश दिए गए।

शासकीय प्राथमिक विद्यालय अमर होली में 43 में से 32 विद्यार्थी उपस्थित पाए गए, जबकि अपार आईडी केवल 28 विद्यार्थियों की बनी थी। इसे दो दिवस के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। नवीन उत्कृष्ट प्राथमिक विद्यालय छावनी में 18 में से 12 विद्यार्थी उपस्थित मिले। यहां शिक्षक श्री कमलेश बसेर बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए जाने पर उन्हें कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया।

प्राथमिक विद्यालय हवारुंडा में 75 में से 50 विद्यार्थी उपस्थित थे, लेकिन निरीक्षण के समय कोई भी नियमित शिक्षक मौजूद नहीं मिला। दोनों शिक्षकों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए।

एकीकृत माध्यमिक विद्यालय डाबड़ी में 155 में से 92 विद्यार्थी उपस्थित मिले। यहां मध्यान्ह भोजन निर्धारित मीनू के अनुसार तैयार पाया गया तथा भोजन का सैंपल भी सुरक्षित रखा गया था। खंड स्रोत समन्वयक एवं मध्यान्ह भोजन प्रभारी ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

प्राथमिक विद्यालय पत्थरपाड़ा में 37 में से 32 विद्यार्थी उपस्थित मिले। दोनों शिक्षक उपस्थित पाए गए। यहां कक्षा पहली में नामांकन बढ़ाने तथा अपार आईडी शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

प्राथमिक विद्यालय मोटा पाला में 40 में से 35 विद्यार्थी उपस्थित मिले तथा शैक्षणिक स्तर संतोषजनक पाया गया। हालांकि मध्यान्ह भोजन निर्धारित मीनू के अनुरूप नहीं मिलने की शिकायत पर समूह अध्यक्ष को भोजन मीनू के अनुसार उपलब्ध कराने तथा प्रतिदिन भोजन का फोटो व्हाट्सएप समूह में भेजने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के अंत में खंड स्रोत समन्वयक श्रीमती रेखा गिरि स्वामी ने सभी विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं शैक्षणिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही सभी शाला प्रमुखों को दो दिवस के भीतर निर्देशों के पालन संबंधी प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए कहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.