आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण, अनियमितताओं पर कार्यवाही के निर्देश कलेक्‍टर माथुर ने दिए

0

आलीराजपुर । कलेक्टर  नीतू माथुर के निर्देशन में जिले में संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों में व्यवस्थाओं एवं बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जांच के लिए अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में डिप्टी कलेक्टर सुश्री निर्मला कलमे ने आज हरसवाट, लक्ष्मणी, मायाला तथा स्कूल फलिया (मायाला) स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान चारों आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति अत्यंत कम पाई गई, जबकि मायाला के स्कूल फलिया स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में एक भी बच्चा उपस्थित नहीं पाया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्रों पर निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था तथा किसी भी केंद्र पर बच्चों को नाश्ता वितरित नहीं किया गया । जिले की आंगनवाड़ियों में बच्चों को बेहतर सुविधाएं एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने समस्त अनुविभागीय अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने कार्य क्षेत्रों में संचालित स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान मिली अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर नीतू माथुर ने संबंधित अनुविभागीय अधिकारी को जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.