गहराते जल संकट और जल जीवन मिशन में विसंगतिपूर्ण कार्य को लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण

0

अर्पित चोपड़ा खवासा 

खवासा में गहराए जल संकट और जल जीवन मिशन योजना में हो रहे विसंगतिपूर्ण कार्य को लेकर आज ग्रामवासी स्थानीय उपतहसील कार्यालय पहुंचे और नायब तहसीलदार राजेश जमरा को ज्ञापन सौपा। थांदला जनपद उपाध्यक्ष मायादेवी प्रेमसिंह चौधरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाए भी एकत्रित होकर ज्ञापन देने पहुँची।

नायब तहसीलदार को ज्ञापन देने के पूर्व मायादेवी ने ग्राम पंचायत खवासा, जल जीवन मिशन का कार्य कर रहे ठेकेदार और पीएचई विभाग के खिलाफ जमकर मोर्चा खोल दिया। योजना में हो रहे विसंगतिपूर्ण कार्यों एवं कथित भ्रष्टाचार को लेकर जनपद उपाध्यक्ष ने अपनी ही सरकार को आईना दिखा दिया।

मायादेवी चौधरी ने कहा कि जल जीवन मिशन केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना होने के बावजूद इसका लाभ खवासा की जानता को नहीं मिल पा रहा है। गांव में, ढोलखरा से टंकी तक पाइप लाइन बिछाने एवं ढोलखरा तालाब पर कूप निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है। कुएं में भरपूर पानी भरा है। किंतु ठेकेदार, पीएचई विभाग की लापरवाही और ग्राम पंचायत की उदासीनता के चलते उस पानी का लाभ खवासा की जानता को नहीं मिल पा रहा है।

मायादेवी ने कहा कि योजना इस्टीमेट में शामिल ढोलखरा में विद्युत डीपी और मोटर पम्प लगाने का कार्य पूर्ण कर दिया जाए तो खवासा में पेयजल संकट समाप्त हो सकता है। लेकिन ठेकदार ने उस जरूरी कार्य को छोड़कर गांव में रोड बनाने का काम शुरू कर दिया है जिसमे भी भारी भ्रष्टाचार किया जा रहा है। मायादेवी ने कहा कि फिलहाल गाँव में 15-20 दिनों में पानी वितरण हो रहा है, लोगों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है तो ऐसे में बनाए जा रहे रोड की तराई कैसे हो पाएगी? किए जा रहे घटिया निर्माण एवं तराई के अभाव में रोड दम तोड़ देगा। ज्ञापन में खवासा में फ़िल्टर प्लांट लगाने और माही डेम से खवासा क्षेत्र के गाँवों को भी पानी देने की माँग की गई है।

पंचायत पर उपेक्षा के आरोप

ज्ञापन देने आई महिलाओं में ग्राम पंचायत के ख़िलाफ़ भारी आक्रोश दिखाई दिया।

जनपद उपाध्यक्ष ने ग्राम पंचायत खवासा पर उपेक्षा करने के आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें विकास कार्यों से दूर रखा जाता है। उन्होंने कहा कि योजना का कार्य पूरा नहीं होने के पहले ही गांव में रोड बनाना शुरू कर दिया ना तो ग्राम सभा रखी और नहीं ग्रामवासियों को इसकी जानकारी दी। इस्टीमेट आदि भी सार्वजनिक नहीं किए गए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.