अर्पित चोपड़ा खवासा 

खवासा में गहराए जल संकट और जल जीवन मिशन योजना में हो रहे विसंगतिपूर्ण कार्य को लेकर आज ग्रामवासी स्थानीय उपतहसील कार्यालय पहुंचे और नायब तहसीलदार राजेश जमरा को ज्ञापन सौपा। थांदला जनपद उपाध्यक्ष मायादेवी प्रेमसिंह चौधरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाए भी एकत्रित होकर ज्ञापन देने पहुँची।

नायब तहसीलदार को ज्ञापन देने के पूर्व मायादेवी ने जल जीवन मिशन का कार्य कर रहे ठेकेदार और पीएचई विभाग के खिलाफ जमकर मोर्चा खोल दिया। योजना में हो रहे विसंगतिपूर्ण कार्यों एवं कथित भ्रष्टाचार को लेकर जनपद उपाध्यक्ष ने अपनी ही सरकार को आईना दिखा दिया।

मायादेवी चौधरी ने कहा कि जल जीवन मिशन केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना होने के बावजूद इसका लाभ खवासा की जानता को नहीं मिल पा रहा है। गांव में, ढोलखरा से टंकी तक पाइप लाइन बिछाने एवं ढोलखरा तालाब पर कूप निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है। कुएं में भरपूर पानी भरा है। किंतु उस पानी का लाभ खवासा की जनता को नहीं मिल पा रहा है।

मायादेवी ने कहा कि योजना इस्टीमेट में शामिल ढोलखरा में विद्युत डीपी और मोटर पम्प लगाने का कार्य पूर्ण कर दिया जाए तो खवासा में पेयजल संकट समाप्त हो सकता है। लेकिन ठेकदार ने उस जरूरी कार्य को छोड़कर गांव में रोड बनाने का काम शुरू कर दिया है जिसमे भी भारी भ्रष्टाचार किया जा रहा है। मायादेवी ने कहा कि फिलहाल गाँव में 15-20 दिनों में पानी वितरण हो रहा है, लोगों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है तो ऐसे में बनाए जा रहे रोड की तराई कैसे हो पाएगी? किए जा रहे घटिया निर्माण एवं तराई के अभाव में रोड दम तोड़ देगा। ज्ञापन में खवासा में फ़िल्टर प्लांट लगाने और माही डेम से खवासा क्षेत्र के गाँवों को भी पानी देने की माँग की गई है।

इस संबंध में पंचायत का कहना है कि कार्य अभी जारी है सारा कार्य पूर्ण करवाया जाएगा। पंचायत कार्य की गुणवत्ता के प्रति सजग है और उस पर नजर बनाए हुए है।

संबंधित ठेकेदार के अनुसार कार्य अभी पूर्ण नहीं हुआ है कार्य किया जा रहा है। जल्द ही बाकी कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। कार्य की गुणवत्ता हमारी प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *