मासूम उत्कर्ष को न्याय दिलाने 15 जुलाई को पेटलावद में निकलेगी जन आक्रोश रैली

0

शान ठाकुर,पेटलावद

 ग्राम कोदली के 5 वर्षीय मासूम उत्कर्ष की मौत के मामले में शीघ्र न्याय की मांग को लेकर 15 जुलाई (बुधवार) को पेटलावद में जन आक्रोश रैली निकाली जाएगी। रैली का आयोजन उत्कर्ष के परिजनों द्वारा किया जा रहा है, जिसमें न्यायिक मानवाधिकार परिषद, जिला झाबुआ सहयोगी की भूमिका निभा रही है।

जानकारी के अनुसार, 12 जुलाई को उत्कर्ष के पिता ने न्यायिक मानवाधिकार परिषद को लिखित आवेदन देकर अपने पुत्र को न्याय दिलाने में सहयोग का अनुरोध किया था। इसके बाद परिषद ने पीड़ित परिवार के साथ खड़े होकर न्याय की लड़ाई में सहयोग देने का निर्णय लिया।

रैली 15 जुलाई को प्रातः 11 बजे श्रद्धांजलि चौक, पेटलावद से प्रारंभ होकर पुलिस थाना पेटलावद तक पहुंचेगी। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि रैली का उद्देश्य किसी संस्था या अधिकारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करना नहीं है, बल्कि मासूम उत्कर्ष को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग को प्रमुखता से उठाना है।

रैली के माध्यम से प्रकरण की विवेचना जल्द पूर्ण कर न्यायालय में चार्जशीट प्रस्तुत करने, मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक न्यायालय में कराने तथा आरोप सिद्ध होने पर दोषियों को कानून के अनुसार कठोरतम दंड दिलाने की मांग की जाएगी।

उत्कर्ष के परिजनों एवं न्यायिक मानवाधिकार परिषद, जिला झाबुआ ने जिले के नागरिकों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं, युवाओं एवं न्यायप्रिय लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होकर न्याय की इस मुहिम को मजबूत बनाने की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.